Bihar Politics: यात्रा के बहाने NDA के गढ़ में सेंधमारी की तैयारी, 3 सीटों पर राहुल गांधी का फोकस

Breaking India News Politics

अवध बिहारी उपाध्याय, सीतामढ़ी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सासाराम से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा बुधवार को रुन्नीसैदपुर के रास्ते सीतामढ़ी में प्रवेश करेगी। रुन्नीसैदपुर कृषि भवन परिसर में उनका स्वागत होगा। उनके साथ बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहेंगे। यहां के बाद राहुल गांधी सीतामढ़ी के डुमरा हवाई अड्डा मैदान देर शाम पहुंचेंगे, जहां पार्टी की ओर से बनाए गए टेंट में रात्रि विश्राम करेंगे।

28 अगस्त की सुबह यहां से रोड शो करते हुए रजत द्वार जानकी मंदिर पहुंच दर्शन पूजन करेंगे। फिर यहां से रीगा विधानसभा के लिए यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा तीन विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी। मौजूदा समय में इन तीनों सीटों (रुन्नीसैदपुर, सीतामढ़ी व रीगा विधानसभा) पर एनडीए का कब्जा है।

रुन्नीसैदपुर पर जदयू के पंकज कुमार मिश्रा तो सीतामढ़ी में डॉ. मिथिलेश कुमार और रीगा विधानसभा सीट पर भाजपा के मोतीलाल प्रसाद काबिज हैं। मोतीलाल प्रसाद अभी बिहार सरकार में कला-संस्कृति और युवा विभाग के मंत्री हैं। रीगा विधानसभा सीट पर 2020 के चुनाव में कांग्रेस रनर की भूमिका रही।

यहां पर भाजपा के मोतीलाल प्रसाद ने कांग्रेस के अमित कुमार टुन्ना को हराया और विधायक फिर मंत्री बने। वहीं इसके पूर्व 2015 में कांग्रेस के अमित कुमार टुन्ना ने भाजपा के मोतीलाल प्रसाद को पराजित किया था।

बताते चलें कि वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में इन तीनों सीट पर महागठबंधन की जीत हुई थी, उस समय नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू भी उनके साथ थी। लेकिन, वर्ष 2020 में नीतीश कुमार के अलग होते ही बाजी पलट गई।

राहुल गांधी की यह यात्रा खासतौर पर जिन तीन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी वह यादव, कुशवाहा और अति पिछड़ा बाहुल्य है। इसे चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। रुन्नीसैदपुर विधानसभा की बात करें तो जनसंख्या के हिसाब से यहां अनुसूचित जाति के लगभग 12.27 प्रतिशत मतदाता हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *