राजमा ऐसे बनाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे, ढाबे वालों की ये 5 टिप्स नोट कर लें!
राजमा का नाम सुनते ही मुंह में पानी आना लाजमी है। गरमा-गरम चावल हों या या पूड़ी-पराठे, ये हर किसी के साथ खूब टेस्टी लगते हैं। अब राजमा बनाने की रेसिपी तो सबकी अपनी अलग होती है लेकिन स्वाद तभी आता है, जब इन्हें ढंग से पकाया जाए। राजमा की ग्रेवी, उसका टेक्सचर और उसे सही समय तक पकाना बहुत जरूरी है, अगर उसका परफेक्ट टेस्ट चाहिए। यहीं अक्सर हम चूक कर देते हैं, जिससे घर पर बने राजमा में वो रेस्टोरेंट वाला स्वाद नहीं आ पाता। तो चलिए आज जानते हैं कुछ सिंपल टिप्स, जिन्हें फॉलो कर के आप भी बना सकती हैं एकदम परफेक्ट राजमा। ये कोई रॉकेट साइंस नहीं है बल्कि बहुत छोटी-छोटी बातें हैं जो आपको राजमा बनाते हुए ध्यान रखनी हैं।
राजमा हर बार बनेगा स्वादिष्ट
1 बिल्कुल बाजार जैसा मुलायम और गला हुआ राजमा बनाने के लिए उसे कम-से-कम आठ घंटे के लिए पानी में जरूर भिगोएं। इससे समझौता नहीं करें। आठ-नौ घंटे तक राजमा को पानी में भिगोने से वह भीतर से मुलायम हो जाता है और इससे उसे पकाने में लगने वाला समय कम हो जाता है।
2 राजमा को हमेशा प्रेशर कुकर में धीमी आंच पर उबालें। धीमी आंच पर राजमा न सिर्फ अच्छी तरह से गलता है बल्कि उसका आकार भी नहीं बिगड़ता है। तेज आंच से जहां कुछ राजमा अधपका रह जाता है, वहीं कुछ पूरी तरह से गल जाता है।
3 बेकिंग सोडा हमारी रसोई में कई तरीके से काम आता है। राजमा को उबालते वक्त उस पानी में एक-चौथाई चम्मच बेकिंग सोडा मिला दें। बेकिंग सोडा राजमा की ऊपरी परत को तोड़कर उसे जल्दी पकने में मदद करता है। पर, ध्यान रहे बेकिंग सोडा की ज्यादा मात्रा से राजमा पूरी तरह से गल जाएगा।
4 राजमा को अच्छी तरह से उबालने के लिए सही समय पर नमक डालने की ट्रिक मालूम होना भी जरूरी है। राजमा को पानी, हल्दी, दालचीनी और तेजपत्ता के साथ पहले उबाल लें और बिल्कुल अंत में उसमें नमक मिलाएं।
5 राजमा को उबालते वक्त उसमें थोड़ा-सा तेल मिलाने से न सिर्फ राजमा का स्वाद बेहतर होता है बल्कि राजमा के दाने कुकर की तल में चिपकते भी नहीं हैं। तेल राजमा के ऊपर एक परत बना देता है, जिससे उसकी नमी नहीं खोती और वह भीतर से मुलायम बना रहता है।
