August 6, 2026

बीजेपी ऑफिस पहुंचे पटना के डीएम और एसपी; सम्राट कैबिनेट के विस्तार में आएंगे मोदी, शाह

पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की जबरदस्त जीत के बाद बिहार में 7 मई को पटना के गांधी मैदान में सम्राट कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक संजय सरावगी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 7 मई को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सम्राट कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। इस मौके पर एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसे पार्टी बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देख रही है। संजय सरावगी ने कहा कि इस कार्यक्रम में देश की शीर्ष राजनीतिक हस्तियां शिरकत करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के कई पदाधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी ने एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक झंडा बैनर लगाने का निर्णय लिया गया है। पटना महानगर इकाई और शहर के सभी विधायक को इस काम में लगाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना आगमन की संभावनाओं के बीच सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में पटना के जिलाधिकारी और एसएसपी ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी से मुलाकात कर पीएम के प्रस्तावित कार्यक्रमों और कार्यालय में होने वाली बैठक की तैयारियों पर चर्चा की। सुरक्षा के मद्देनजर भाजपा कार्यालय और उसके आसपास कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं।

कैबिनेट विस्तार को लेकर पिछले कई दिनों से मंथन चल रहा था और अब इसे अंतिम रूप दे दिया गया है। माना जा रहा है कि इस विस्तार में कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है, वहीं कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बदलाव भी किया जा सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि कैबिनेट विस्तार के जरिए जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही, गांधी मैदान में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाई गई है। कार्यक्रम स्थल पर आधुनिक सुविधाओं के साथ मंच तैयार किया जा रहा है, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.