भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के अपने तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान पार्टी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। भाजपा अध्यक्ष शाम साढ़े 4 बजे तक देहरादून पहुंच सकते हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन, विधायकों की आंतरिक सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा के साथ कोर कमेटी में चुनावी रणनीति और राजनैतिक मुद्दों पर भी आखिरी मुहर लगाएंगे। वहीं, राहुल गांधी 4 जून को उत्तराखंड आ रहे हैं। उनका अल्मोड़ा और पौड़ी में जनसभा का कार्यक्रम है। राहुल पार्टी नेताओं से भी मिलेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियां कर ली गई हैं। गुरुवार को जौलीग्रांट से दून तक 25 जगह पर उनका स्वागत किया जाएगा। दून में पार्टी अध्यक्ष सबसे पहले भाजपा के प्रांतीय मुख्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे। सूत्रों ने बताया कि बैठक में पार्टी द्वारा कराए सर्वे की रिपोर्ट पर चर्चा के साथ चुनावी मुद्दों पर मंथन होगा। इन्हीं के आधार पर पार्टी विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पहले बुधवार को गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ बैठक कर तैयारियों को लेकर चर्चा की। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे से ठीक पहले हुई बैठक को कई मायनों में अहम माना जा रहा है।
सीएम आवास में देर शाम हुई बैठक में उत्तराकंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में महेंद्र भट्ट व प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार भी मौजूद थे। देर शाम संपर्क करने पर भट्ट ने कहा कि यह बैठक सामान्य तौर पर बुलाई गई थी।
वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 4 जून को पहुंच रहे हैं। राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि राहुल का दौरा राज्य में कांग्रेस के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा।
राहुल गांधी चार वर्ष के लंबे अंतराल के बाद उत्तराखंड आ रहे हैं। यहां वह अल्मोड़ा और पौड़ी के जरिए क्रमश: कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के मतदाताओं तक पैठ मजबूत करने का काम करेंगे। देवभूमि में उनकी यात्रा की शुरुआत कुमाऊं की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा से होगी। यहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे। पहले यह सभा नैनीताल में होनी थी, लेकिन पर्यटन सीजन को देखते हुए रणनीति रूप से इसके लिए अल्मोड़ा चुना गया।
इस जनसभा को उत्तराखंड के अगले साल होने वाले चुनाव के शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है। इसके बाद उसी दिन दोपहर तीन बजे राहुल पौड़ी पहुंचेंगे। यहां वे सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि गढ़वाल और कुमाऊं के इन प्रमुख केंद्रों से राहुल का संवाद न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेगा, बल्कि पार्टी की चुनावी तैयारियों को भी धार देगा।
राहुल गांधी 5 जून को देहरादून में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे। उनका दून में कोई जनसभा का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक बैठक में राहुल केवल नेताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। राहुल के दौरे को लेकर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा समेत कई बड़े नेता पहले ही उत्तराखंड में मोर्चा संभाल लेंगे।

