मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी को 542 करोड़ से अधिक की सौगात दी। इस दौरान योगी समाजवादी पार्टी पर खबू गरजे। योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस विरासत और विकास के धुर विरोधी हैं। वे सोमवार को श्री लोधेश्वर महादेव में दरियाबाद और रामनगर विधान सभा क्षेत्र के लिए 542 करोड़ से अधिक की 82 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन के दौरान सपा और कांग्रेस को निशाने पर रखा। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि आज मुझे यहां बाराबंकी में लोधेश्वर महादेव का दर्शन करके अंतःकरण से आनंद की अनुभूति हुई।
इस जनपद को भगवान लोधेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त होता है,अगल-बगल के कई जनपदों के श्रद्धालु यहां आते हैं, लेकिन मंदिर जीर्ण शीर्ण स्थिति में है,कोई पुरसाहाल नहीं। ये देश 1947 के पहले गुलाम था, लेकिन 1947 में देश की आज़ादी हुई,आज़ादी की लौ बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव के मंदिर तक भी पहुंचनी चाहिए थी, लेकिन नहीं पहुंच पाई। आज़ादी के बाद वह लौ कब्रिस्तान की बाउंड्री वाल के लिए तो प्राप्त हुआ, लेकिन लोधेश्वर महादेव मंदिर को नहीं प्राप्त हुआ।
हॉकी को जिन्होंने पूरा जीवन समर्पित किया ऐसे केडी सिंह बाबू के हवेली के लिए वह पैसा उपलब्ध नहीं हो पाया। पारिजात वृक्ष के संरक्षण के लिए पैसा नहीं प्राप्त हो पाया। आज मुझे बताते हुए गौरव की अनुभूति हो रही है, हमने भारत के विरासत के प्रतीक भगवान लोधेश्वर महादेव के पवित्र मंदिर कॉरिडोर के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। इसके पूर्व फिर श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधि विधान से पूजन-अर्चन कर मंगल कामनाएं कीं।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में सभी लोगों से एक-एक कर मुलाकात की। उनका हालचाल जाना, पीड़ा पूछी, प्रार्थना पत्र लिया और उचित निराकरण का आश्वासन भी दिया। सीएम योगी ने राजस्व, पुलिस से जुड़े मामलों में हीलाहवाली की शिकायत पर सख्ती भी दिखाई। अभिभावकों के साथ आए नन्हे-मुन्नों को सीएम योगी ने चॉकलेट दी और बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा। ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री से मिलने कई खिलाड़ी भी पहुंचे। सभी ने अपनी बातें रखीं। सीएम ने भी खेलों के लिए उनकी तैयारी और पदकों के बारे में भी जानकारी ली। सकारात्मक उत्तर न मिलने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी खूब परिश्रम कीजिए। उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की निरंतर सीधी भर्ती कर रही है।

