‘नई ऊंचाइयों पर भारत-फ्रांस संबंध’, पीएम मोदी ने पेरिस के स्वामीनारायण मंदिर का वर्चुअली किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पेरिस के स्वामीनारायण मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। उद्घाटन समारोह के दौरान पीएम मोदी ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना का जिक्र करते हुए कहा कि यह मंदिर सदियों तक दोनों देशों के बीच सहयोग और अटूट दोस्ती का प्रतीक बना रहेगा।
उन्होंने कहा, ‘हाल के वर्षों में भारत और फ्रांस के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। मेरे मित्र राष्ट्रपति (इमैनुएल) मैक्रों के साथ मिलकर दोनों देश विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेखांकित किया कि पेरिस में मंदिर का उद्घाटन केवल एक धार्मिक या वास्तुकला से जुड़ा आयोजन नहीं है, बल्कि यह ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के प्राचीन भारतीय दर्शन और विश्व बंधुत्व की भावना का जीवंत प्रतीक है।
पीएम मोदी ने कहा कि स्वामीनारायण मंदिर सिर्फ पूजा के केंद्र नहीं होते। यहां सेवा के काम भी किए जाते हैं। पेरिस का यह मंदिर भी सेवा से जुड़े कामों का केंद्र बनेगा। BAPS के मंदिरों के जरिए भारतीय विचार और मानवीय मूल्यों का संदेश दूसरे देशों तक पहुंचता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पेरिस का यह मंदिर फ्रांस की विविधता को और मजबूत करेगा।
