यूपी चुनाव में जदयू के ताल ठोकने की चर्चा के बीच बाबा विश्वनाथ के शरण में निशांत कुमार, सीएम योगी पर भी बोले
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी अभी से ही तेज है। इस चुनाव में जनता दल (यूनाइटेड) भी अपने प्रत्याशी उतारेगी औऱ इस बात की काफी चर्चा भी है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि जदयू यूपी के चुनाव में कितनी सीटों पर ताल ठोकेगी। इसी कड़ी में जदयू के नेता औऱ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार वाराणसी पहुंचे। वाराणसी में निशांत कुमार बाबा विश्वनाथ के शरण में पहुंचे। बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत की और राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ पर भी बोले।
निशांत कुमार ने कहा, ‘ मैं बहुत दिनों के बाद वाराणसी आया हूं। इससे पहले मैं बचपन में यहां आया था। मेरा सौभाग्य है कि मैंने बाबा के दर्शन किए और उनसे आशीर्वाद लिया। मैं यहां आशीर्वाद के लिए आया हूं।’ इसके बाद उत्तर प्रदेश चुनाव से जुड़े एक सवाल के जवाब में निशांत कुमार ने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि 2027 में भी हम एनडीए भारी बहुमत से जीतें। मैं जनता से भी अपील करता हूं कि वो फिर से योगी आदित्यनाथ को सीएम बनाएं।
बताया जा रहा है कि जदयू यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। चर्चा है कि 25 अक्टूबर को वाराणसी में होने वाले जदयू के प्रोग्राम में पार्टी के प्रदेश के नेताओं का जमावड़ा हो सकता है। जेडीयू उत्तर प्रदेश की 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। बता दें कि साल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने 27 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। हालांकि, जदयू को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। यह भी कहा जा रहा है कि इस चुनाव में जदयू एनडीए के अंदर रहकर बीजेपी के साथ मिलकर चुनावी रण में उतरेगी।
