फिर लड़ाई 80-20 पर आई, सीएम योगी बोले- राज्यसभा ने बता दिया विधानसभा का रिजल्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा के आठ प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन तय होने पर सपा पर तीखा हमला किया है। सीएम योगी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव ने विधानसभा चुनाव का परिणाम बता दिया है। लड़ाई एक बार फिर 80 और 20 पर आ गई है। 80 फीसदी एनडीए और 20 फीसदी पीडीए के साथ हैं। जैसे राज्यसभा में हुआ है वैसे ही विधानसभा में भी होगा। पीडीए का क्या हाल होगा यह भी सामने आएगा।
सीएम योगी लखनऊ में सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। यूपी की दस सीटों पर हो रहे राज्यसभा चुनाव में भाजपा आठ और सपा ने दो सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। सभी दस का निर्विरोध निर्वाचन तय है। भाजपा के पास आठवें प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरे वोट नहीं थे। ऐसे में माना जा रहा था कि सपा भी तीसरा प्रत्याशी उतारेगी और भाजपा से उसका मुकाबला होगा। तीसरा प्रत्याशी उतारने के सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इशारा भी किया था। फिर अचानक मंगलवार को अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव पर नजरें होने की बात कहते हुए तीसरा प्रत्याशी नहीं उतारा।
सीएम योगी पिछले विधानसभा चुनाव में भी 80 और 20 की बातें कहते रहे हैं। तब उसे 80 प्रतिशत यानी हिंदू वोट और 20 प्रतिशत यानी मुस्लिम वोटों के नजरिए से देखा गया था। सीएम योगी का यह कहना कि लड़ाई फिर 80 और 20 पर आ गई, एक तीर से दो निशाना भी माना जा रहा है।
इस दौरान सीएम योगी ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सपा सरकार की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना भी साधा। कहा कि 2017 से पहले यूपी में ‘एक जिला, एक माफिया’ के कारण अराजकता पैदा होती थी। आज ‘एक जिला, एक माफिया’ नहीं, बल्कि ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम हो रहा। ‘एक जिला, एक उत्पाद’ और ‘एक जिला, एक कुजीन’ की दिशा में काम हो रहा है।
