October 23, 2026

आजम को सीएम पद चाहिए, नहीं तो ओवैसी के साथ…; राजभर का दावा- अखिलेश की बात नहीं बनी

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा महासचिव आजम खां को लेकर एक ऐसा दावा कर दिया है जिसने प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक दिन पहले गुरुवार को ही आजम खां से जेल में जाकर मुलाकात की थी। इसी मुलाकात को लेकर राजभर ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत नाकाम हो गई है और आजम खां ने अपनी नई शर्तें रख दी है। आजम खां को गृह मंत्री नहीं मुख्यमंत्री का पद चाहिए। शिवपाल यादव ने कुछ समय पहले ऐलान किया था कि सपा की सरकार बनने पर आजम खां को गृहमंत्री बनाया जाएगा।

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर तंज कसते हुए दावा किया कि रामपुर में अखिलेश यादव और आजम खां के बीच ‘सेटिंग’ नहीं बैठ पाई है। उन्होंने कहा कि आजम खां अब समाजवादी पार्टी (साइकिल) का साथ छोड़कर पतंग के साथ जाने की तैयारी में हैं। पतंग असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम का चुनाव चिह्न है। राजभर के अनुसार ओवैसी की रामपुर में रैली के बाद अखिलेश यादव का गणित बिगड़ गया है।

अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए राजभर ने दावा किया कि आजम खां ने सपा प्रमुख से साफ-साफ कह दिया है कि अगर उन्हें पार्टी में बनाए रखना है, तो उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी देनी चाहिए। राजभर ने चुटकी लेते हुए कहा कि यूपी के मुसलमानों ने कई बार सैफई परिवार को मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाया है। अब आजम खां चाहते हैं कि अखिलेश यादव खुद थोड़ा ‘बलिदान’ देने का हौसला दिखाएं।

अपने चिरपरिचित अंदाज में राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती दी कि वे हिम्मत दिखाएं और जनता के सामने यह ऐलान करें कि सरकार बनने पर किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। यह भी कहा कि आपकी सरकार नहीं आ रही, ऐसे में दिल पर पत्थर रखकर मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर दीजिए।

गुरुवार को रामपुर जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद अखिलेश ने कहा कि जो आज़म थे, वो आज़म हैं, वो आज़म रहेंगे। करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात के बाद मीडिया से अखिलेश यादव ने दोनों परिवारों के बीच के गहरे भावनात्मक रिश्तों को उजागर किया। सपा प्रमुख ने दो टूक शब्दों में कहा कि आजम खां का परिवार हमारा अपना परिवार है। वे हमारे दिल से जुड़े हैं और यह मुलाकात किसी सियासी नफा-नुकसान के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह से इमोशनल थी। यह भी कहा कि गठबंधन से मिले प्रत्याशियों की सूची पर भी आजम खां से विस्तार से रायशुमारी हुई है और उन्होंने उम्मीदवारों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.