November 17, 2026

सीएम योगी यूपी के इस मंडल के 50 हजार युवाओं को देंगे टैबलेट, तारीख तय

सीएम योगी आदित्यनाथ 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल के 50 हजार स्टूडेंट्स को टैबलेट देंगे। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना’ के तहत शहर के रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह को लेकर प्रशासन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। टैबलेट वितरण समारोह में गोरखपुर मंडल के 4 जिलों गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के स्टूडेंट्स शामिल होंगे। अकेले गोरखपुर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 35 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। इसके अलावा मंडल के अन्य तीन जिलों देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5-5 हजार स्टूडेंट्स को भी टैबलेट दिए जाएंगे। इस तरह एक ही दिन में कुल 50 हजार युवाओं के हाथों में आधुनिक तकनीक की सौगात पहुंचेगी।

डीएम दीपक मीणा ने बताया कि योजना के शुरुआती साल 2021-22 से लेकर अब तक गोरखपुर के 141085 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। जिले में उपलब्ध शत-प्रतिशत स्मार्टफोन के वितरण का काम पहले ही पूरा कराया जा चुका है। वहीं, बाकी 52800 टैबलेट के वितरण की प्रक्रिया विभिन्न महाविद्यालयों के जरिए तेजी से जारी है। मुख्य वितरण 20 नवंबर को होगा। डीएम दीपक मीणा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना छात्रों के लिए शिक्षा के नए द्वार खोलने के साथ ही भविष्य में नौकरी और स्वरोजगार के व्यापक अवसर सृजित कर रही है।

​सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना का दायरा बड़ा रखा गया है, ताकि समाज के हर वर्ग के स्टूडेंट्स को तकनीकी संसाधनों की कमी न रहे। इसके तहत उच्च और उच्चतर शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट), पैरामैडिकल तथा नर्सिंग आदि विभिन्न शिक्षण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया जा रहा है।

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत वितरित किए जा रहे डिवाइस के जरिए स्टूडेंट्स को सरकार के विभिन्न विभागों की विकासशील और जनकल्याणकारी योजनाओं की अपडेटेड जानकारियां मिल रही हैं। इसके साथ ही, संबंधित विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और शिक्षण संस्थान भी ‘फ्लैश मैसेज’ के जरिए स्टूडेंट्स को उनकी कक्षाओं, पाठ्यक्रमों और परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सीधे उनके डिवाइस पर उपलब्ध करा रहे हैं।

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना का एक उद्देश्य युवाओं को उनके शैक्षिक पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने में सहायता प्रदान भी करना है। शिक्षा पूरी करने के बाद, स्टूडेंट्स इन उपकरणों का सदुपयोग कर विभिन्न शासकीय और गैर-शासकीय सेवाओं तथा स्वावलम्बन की योजनाओं से जुड़कर स्वयं को सेवारत या व्यवसायरत कर सकेंगे। ​इंटरनेट की सहज उपलब्धता के जरिए छात्र अब देश और दुनिया की ताजा घटनाओं से रूबरू होने के साथ-साथ अपने विषयों से संबंधित उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट भी आसानी से प्राप्त कर रहे हैं। इससे युवाओं में सूचना और संचार प्रौद्योगिकियों (आईसीटी) की समझ बढ़ रही है और उनके कौशल में निखार आ रहा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.