November 20, 2026

जब एम्स ऋषिकेश में मां को देख भावुक हुए थे सीएम योगी, जाते समय पैर छूकर लिया था आशीर्वाद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपनी मां सावित्री देवी के प्रति विशेष लगाव व प्रेम था। वर्ष 2024 में जब सीएम योगी को मां के एम्स ऋषिकेश में भर्ती होने की सूचना मिली तो वह खुद को एम्स जाने से रोक न सके।

उस समय सीएम योगी अपनी मां को देख भावुक हो गए थे। मां की ममता और पुत्र का आदर व प्रेम भाव का मार्मिक दृश्य देख हर किसी की आंख नम नजर आई थी। वह 16 जून 2024 का दिन था, जब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद अचानक दोपहर के समय एम्स ऋषिकेश पहुंच गए।

यहां सीएम योगी ने अपनी मां का हाल चाल जाना और एम्स की निदेशक प्रो. डॉ. मीनू सिंह से स्वास्थ्य व उपचार की विस्तृत जानकारी ली। सीएम योगी को देख उनकी मां बेहद प्रसन्न और भावुक दिखीं। सीएम योगी ने अकेले में मां के साथ संवाद किया और जाते समय उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। उन्होंने मां के साथ करीब 20 मिनट तक समय गुजारा था।

बता दें कि सीएम योगी की मां सावित्री देवी को मई 2024 में आंख में संक्रमण होने के कारण एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया था। वे करीब एक महीने तक एम्स में भर्ती रही थीं। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई मंत्री व विधायकों ने भी एम्स पहुंचकर उनका हाल-चाल जाना था।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.