‘टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ के बाद ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ बन रही अयोध्या, शादियों के लिए दूसरे राज्यों से आ रहे लोग
जन्मभूमि पर दिव्य-भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद ‘टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ में बदली अयोध्या की पहचान अब ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में भी हो रही है।
सुदूर क्षेत्रों या पड़ोस के जिलों में रहने वाले लाेग यहां पहुंच होटलों में शादी रचा रहे और विवाहोपरांत अपने आराध्य रामलला का दर्शन कर पुण्यलाभ भी अर्जित कर रहे हैं। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली होने के कारण रामनगरी में होने वालीं शादियां चिरस्मरणीय भी बनी रहेंगी।
ढाई वर्ष पूर्व दिव्य मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होने के उपरांत पर्यटन के क्षितिज पर रामनगरी अपनी वैश्विक पहचान स्थापित कर चुकी है। यहां देश के विभिन्न प्रांतों से ही नहीं, अपितु विदेश से भी पर्यटक व श्रद्धालु रामलला के दर्शन के साथ अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने पहुंच रहे हैं।
यहां अच्छे होटल, रेस्टोरेंट खुलने और सड़क, रेल व वायु मार्ग के बेहतर व सुलभ संसाधन होने से आसपास के जिलों या दूसरे राज्यों के भी लोग वैवाहिक समारोहों के लिए भगवान राम की धरती का चयन कर रहे हैं। पहले अधिकांशत: स्थानीय लोग ही शहर में विवाह व अन्य मांगलिक आयोजन करते रहे।
एक-दो वर्ष से गैर जिला या राज्यों के लोग भी रामनगरी के प्रति आकर्षित हुए हैं। यहां विवाह करने को लेकर दोनों पक्ष की सोच ‘एक पंथ-दो काज’ वाली है। दरअसल, अयोध्या में विवाह करने से एक तो शादी यादगार बनेगी, दूसरे वर-वधू पक्ष रामलला का दर्शन भी कर लेंगे।
होटल शाने अवध के मालिक शरद कपूर बताते हैं, शादियों के लिए बुकिंग कराने वालों में अधिकांशत: एक पक्ष दूसरे जिलों के ही हैं। ऐसी शादियां, जिनमें दोनों पक्ष बाहर के हों, उनकी संख्या तो काफी कम है। अयोध्या के रामबाग में अब डेस्टिनेशन वेडिंग लोकेशन बन गया है, जहां दोनों पक्ष बाहर से आकर विवाह कर रहे हैं।
उनके पिता राजेंद्र तिवारी जयपुर में ट्रांसपोर्ट मैनेजर हैं और वधू पक्ष भी राजस्थान के ही हैं। वह लोग जयपुर में भी विवाह कर सकते थे, लेकिन अयोध्या में विवाह करने की अलग अनुभूति होगी। यहां विवाहोपरांत दोनों पक्ष रामलला का दर्शन भी कर सकते हैं।
