November 24, 2026

आज सुशासन दिवस मना रही जदयू, नीतीश कुमार को लेकर क्या है प्लान

जनता दल (यूनाइटेड) आज बिहार में सुशासन दिवस मना रही है। मंगलवार को सुशासन दिवस के अवसर पर पार्टी की ओर से प्रदेश से लेकर प्रखंड स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, सामाजिक बदलाव और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इससे पहले सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को जदयू की ओर से पूरे प्रदेश में भव्य दीपोत्सव मनाया गया। पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मुख्य आयोजन हुआ। यहां 1001 दीप प्रज्वलित कर सुशासन, विकास और नई उम्मीदों का संदेश दिया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने मंगलाचरण के साथ दीपोत्सव का शुभारंभ किया।

दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा प्रदेश कार्यालय जगमगा उठा। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में भी कम से कम 11-11 दीप जलाकर इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाया। पार्टी ने इसे बिहार में सुशासन की स्थापना और विकास के दो दशक पूरे होने की स्मृति से जोड़ा है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभाली और राज्य को जंगलराज से सुशासन तथा अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का काम किया। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर को ही नीतीश कुमार ने नए बिहार की नींव रखी थी। इसी ऐतिहासिक दिन के सम्मान में पार्टी ने प्रत्येक वर्ष 24 नवंबर को सुशासन दिवस मनाने और इसकी पूर्व संध्या पर दीपोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया है।

कार्यक्रम की प्रदेश संयोजक और भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 में सत्ता संभालने के बाद बिहार में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 24 नवंबर 2005 वह ऐतिहासिक दिन था, जब नीतीश कुमार ने बिहार से कुशासन के अंधकार को समाप्त कर सुशासन का प्रकाश फैलाया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, संजय गांधी, अफाक अहमद, राजीव रंजन प्रसाद, नीरज कुमार, जयंत राज मौजूद थे।
दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेश कार्यालय परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। यहां नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और उनके सुशासन एवं विकास के संकल्प को दर्शाती भव्य सैंड आर्ट भी बनाई गई थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नीतीश-निशांत जिंदाबाद के नारे लगाए।
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.