महाभारत के समय महात्मा विदुर को नीति, ज्ञान और नैतिकता का प्रतीक माना जाता था। वे एक महामंत्री होने के साथ-साथ दूरदर्शी भी थे। वे धृतराष्ट्र को समय-समय पर उपदेश देते रहे, जो आज भी जीवन में सफलता, समझदारी और नैतिकता का मार्ग दिखाते हैं। उनकी नीतियों में आज भी जीवन को बेहतर बनाने की शक्ति है।
दरअसल, विदुर नीति में ऐसी कई बातें हैं, जिन्हें यदि कोई व्यक्ति अपने जीवन में उतार ले, तो वह एक बेहतर इंसान बनने के साथ-साथ किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकता है। ऐसे में यदि आप भी अपने जीवन में अनेक परेशानियों से गुजर रहे हैं, तो आपको भी उनकी कही हुई बातों को याद रखना चाहिए।
जीवन में पीछे रह जाते हैं ये लोग
महात्मा विदुर कहते थे कि समय सबसे बड़ा धन है। समय का सदुपयोग सदैव करना चाहिए। ऐसे लोग सफलता की सीढ़ी धीरे-धीरे चढ़ते हैं। वहीं, समय बर्बाद करने की आदत व्यक्ति को बर्बादी की ओर ले जाती है।
क्रोध पर पाएं काबू
विदुर नीति के अनुसार, क्रोध के कारण व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता धीरे-धीरे समाप्त होने लगती है। जो व्यक्ति अपने गुस्से को काबू में रख सकता है, वही असली समझदार और सफल व्यक्ति होता है।
कमजोरी का लक्षण होता है अहंकार
विदुर कहते हैं कि अहंकार व्यक्ति की सबसे बड़ी कमजोरी होता है। यह रिश्तों को तोड़ता है और ज्ञान का नाश करता है। जो व्यक्ति विनम्र होता है, उसे हर जगह सम्मान और सफलता प्राप्त होती है।
इस तरह लोग होते हैं हमेशा सफल
जीवन में कई बार लोग चुनौतियों के सामने हार मान लेते हैं। ऐसे में महात्मा विदुर कहते हैं कि चाहे कितनी भी चुनौतियां आएं, आपको सच्चाई और ईमानदारी के मार्ग पर चलते रहना चाहिए।
दूसरों की गलतियों से सीखें
जीवन में आगे बढ़ने के लिए दूसरों की गलतियों से सीखना चाहिए। विदुर नीति के अनुसार, समझदार व्यक्ति केवल अपनी नहीं, बल्कि दूसरों की गलतियों से भी सीखता है।