बाढ़ से बेघर परिवारों को योगी ने दिया जमीन का पट्टा, एक हजार पीड़ितों को राहत किट भी
गंगा में आई बाढ़ से प्रभावित फर्रुखाबाद के लोगों का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फर्रुखाबाद पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी ने फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बाढ़ से बेघर 31 परिवारों को योगी ने जमीन का पट्टा दिया। इसके साथ एक हजार परिवारों को राहत किट भी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। मुख्यमंत्री योगी के पहुंचने से पहले ही पुलिस लाइन का वाटरप्रूफ पंडाल बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों और आम लोगों से भर गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों से संवाद करते हुए उनकी परेशानियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम के दौरान करीब एक हजार बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
इसके बाद मुख्यमंत्री लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली मथुरा पहुंचेंगे। यहां पूज्य साधु-संतों की उपस्थिति में स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह समेत 1051 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की जाएगी। इसके अलावा विभन्नि जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, ट्रैक्टर की चाबी और चेक भी प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने से लेकर प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को आवास उपलब्ध कराने और आस्था की धरती पर विकास को गति देने तक प्रदेश सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण की यह यात्रा ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
