रूस-यूक्रेन युद्ध: ट्रंप-जिनपिंग के साथ बातचीत को तैयार व्लादिमीर पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति ने जेलेंस्की पर बोला हमला
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर एक सकरात्मक खबर सामने आई है क्योंकि वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट बताती है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा करने के लिए अगले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन करना चाहते हैं। अमेरिकी मीडिया एजेंसी के मुताबिक उन्होंने इसका प्रस्ताव भी भेज दिया है। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शांति वार्ता के मुद्दे पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की पर तंज कसा है।
WSJ की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह प्रस्ताव राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बेहतर होते संबंधों का लाभ उठाने के पुतिन के प्रयास को दर्शाता है। एक पूर्व रूसी खुफिया अधिकारी के हवाले से इस रिपोर्ट में बताया गया कि पुतिन ने 9 अक्टूबर को ट्रंप के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान पहली बार त्रिपक्षीय बैठक का विचार रखा था। उसी बातचीत के परिणामस्वरूप एक समझौता हुआ जिसके तहत अमेरिका को रूसी डीजल ईंधन खरीदने और वैश्विक बाजारों में इसके वितरण को सुविधाजनक बनाने की अनुमति मिली।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने डब्ल्यूएसजे को पुष्टि की कि संभावित बैठक को लेकर चर्चा चल रही है। पोस्कोव ने बताया, “बैठक के बारे में या उसके संभावित एजेंडे के बारे में अभी तक कोई स्पष्ट समझ नहीं है, हालांकि तीनों पक्ष ऐसी बैठक होने की काल्पनिक संभावना को स्वीकार करते हैं।”
