यूपी में बलरामपुर, प्रतापगढ़ समेत 8 जिलों में बनने जा रहे 10 नए पुल, लोगों के लिए बड़ी राहत
लखनऊ। विशेष संवाददाता। उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में 10 छोटे ओर बड़े पुल बनाए जाएंगे। सभी 10 पुलों के निर्माण पर करीब 116.42 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बड़े पुलों की निर्माण लागत 20 करोड़ से अधिक है तथा छोटे पुलों की 7 करोड़ से कम होगी। बलरामपुर, प्रतापगढ़, महोबा, फतेहपुर, पीलीभीत में नदियों पर तथा अमेठी, फतेहपुर, अंबेडकर नगर, देवरिया, पीलीभीत में नहरों और नालों पर छोटे पुलों का निर्माण होना है। योगी सरकार ने इन पुलों की प्रोजेक्ट रिपोर्ट मंजूर करते हुए तय बजट की पहली किस्त जारी कर दी है। यह रकम चालू वित्तीय वर्ष में खर्च की जानी है। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की रिपोर्ट के मुताबिक बलरामपुर में तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के हरिहरगंज-तलिया बनकटवा मार्ज पर बड़े पुल और पहुंच मार्ग के लिए 10.55 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसके सापेक्ष 5.27 करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी गई है। प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के पूरे गोसाईं-सरूआ मार्ग पर सई नदी पर 20.44 करोड़ की लागत से बड़ा पुल बनाया जाना है। पुल निर्माण के लिए 10.22 करोड़ रुपये का आवंटन कर दिया गया है। महोबा में कबरई से रिवई मार्ग पर चंद्रावल नदी पर बड़ा पुल का निर्माण होगा। इसके निर्माण पर 23.12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्धारित प्रोजेक्ट के सापेक्ष 11.56 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया गया है।
