November 9, 2026

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस पलटने से 3 की मौत, राजस्थान से बिहार के छपरा जा रहे थे 65 यात्री; कई घायल

आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट मोहन पर क्षमता से अधिक सवारियां लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए 25 फीट नीचे खाई में पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए।

बस में बच्चों समेत करीब 65 यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है। वहीं, आरटीओ प्रवर्तन के मुताबिक बस की निर्धारित क्षमता 41 यात्रियों की थी। सवाल यह है कि आखिर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर बस एक्सप्रेसवे पर कैसे दौड़ रही थी?

रेवाड़ी (राजस्थान) से बिहार के छपरा जा रही बस (बीआर 28 पी 4332) सोमवार सुबह सात बजे जीरो प्वाइंट मोहन के पास पहुंची ही थी कि अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के भीतर फंस गए।

कुछ यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के निर्देशन में आलमबाग अग्निशमन केंद्र से दमकल वाहन, सरोजनीनगर से रेस्क्यू वाहन और हजरतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू वीकल (एमडीआरवी) भेजा गया।

अग्निशमन कर्मियों ने विशेष उपकरणों की मदद से बस में बुरी तरह फंसे 15 से 16 यात्रियों को बाहर निकाला। इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था। पुलिस और अग्निशमन विभाग के संयुक्त प्रयास से करीब 35 मिनट में रेस्क्यू आपरेशन पूरा किया गया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि 35 से ज्यादा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। तीन मृतकों में दो की शिनाख्त 63 वर्षीय शंकर रज्जक और 43 वर्षीय शामली राय के रूप में हुई। दाेनों बिहार के छपरा निवासी थे, जबकि 35 वर्षीय पुरुष की पहचान नहीं हो पाई है।

हादसे में घायल 35 यात्रियों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया। सात घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। एक अन्य घायल शुभम को आंशिक चोट आई थी, जो उपचार के बाद स्वयं अस्पताल से चला गया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

हादसे की जानकारी मिलने पर आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय और एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव भी मौके पर पहुंचे। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय के मुताबिक बस 41 सीट की पास थी, जबकि उसमें ज्यादा यात्री सवार थे।

बस का बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और फिटनेस वैध मिला है। हालांकि, बस के परमिट की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के मामले की भी पड़ताल की जा रही है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.