August 6, 2026

‘भारत-पाकिस्तान की गतिविधियों पर नजर’, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो बोले- टूट सकता है सीजफायर

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत और पाकिस्तान के बीच की गतिविधियों पर अमेरिका की कड़ी नजर रखने की बात कही है। उन्होंने चिंता जताई कि संघर्ष विराम कभी भी टूट सकता है। रूबियो ने यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि शांति समझौता ही भविष्य में युद्ध रोकने का एकमात्र उपाय है।

पीटीआई, वाशिंगटन। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच की गतिविधियों पर अमेरिका हर दिन नजर रख रहा है क्योंकि संघर्ष विराम बहुत जल्द टूट सकते हैं।

रूबियो ने एक साक्षात्कार में कहा, संघर्ष विराम का एकमात्र तरीका है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गोलीबारी बंद करने पर सहमत हों। रूस अभी तक इस पर सहमत नहीं हुआ है। संघर्ष विराम की एक जटिलता यह है कि इसे बनाए रखना पड़ता है, जो बहुत मुश्किल है। हम हर दिन इस पर नजर रखते हैं कि पाकिस्तान व भारत के बीच क्या हो रहा है, कंबोडिया व थाईलैंड के बीच क्या हो रहा है।

उन्होंने कहा, संघर्ष विराम बहुत जल्द टूट सकते हैं, खासकर साढ़े तीन साल से चल रहे युद्ध (यूक्रेन में) के बाद, जैसा हम अभी झेल रहे हैं। हमारा लक्ष्य एक ऐसा शांति समझौता है जिससे न अभी कोई युद्ध हो और न ही भविष्य में।

एक अन्य साक्षात्कार में रूबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को दोहराया कि अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाया। गौरतलब है कि ट्रंप 40 से अधिक बार कह चुके हैं कि उन्होंने यह कहकर दोनों देशों के बीच संघर्ष रुकवाया कि अमेरिका उनके साथ बहुत व्यापार करेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.