प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के महिलाओं पर दिए बयान पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने न केवल नाराजगी जाहिर की है बल्कि उन्हें जमकर फटकारा भी है। सीएम डॉ यादव ने कहा है कि कांग्रेस ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को शराबी बताकर उनका घोर अपमान किया है। जनता इस अपमान का हिसाब चुकाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने महिलाओं पर टिप्पणी कर अपनी छोटी मानसिकता को दर्शाया है।
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हाल ही में मीडिया के सामने कहा था कि मध्यप्रदेश को इस बात का तमगा हासिल है कि यहां की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब का सेवन करती हैं। पटवारी के इस बयान पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें आड़े हाथों लिया। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा लाड़ली बहनों को शराबी बताना दुर्भाग्यपूर्ण बात है। बहनों का यह अपमान मध्यप्रदेश बर्दाश्त नहीं करेगा। आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस बात को बड़ी बेशर्मी से बताया कि प्रदेश की बहनें सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। यह एक तरह से उनकी छोटी मानसिकता है।

