ईशान किशन ने बनाया नया कीर्तिमान, T20 क्रिकेट में शतकों का पंच लगाकर तोड़ा संजू सैमसन का रिकॉर्ड

Breaking India News

कुछ डोमेस्टिक मैच छोड़ने का दंश झेल रहे बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम से बाहर चल रहे ईशान किशन घरेलू क्रिकेट में छाए हुए हैं। इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन भारत के पहले ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा शतक टी20 क्रिकेट में जड़े हैं। ईशान किशन का सबसे हालिया शतक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में आया, जिसमें उनकी कप्तानी वाली टीम झारखंड ने ही खिताबी जीत हासिल की।

ईशान किशन ने दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ईशान किशन ने पांचवां टी20 शतक बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज जड़ा। इतने शतक प्रोफेशनल टी20 क्रिकेट में भारत के लिए किसी अन्य विकेटकीपर बल्लेबाज ने नहीं जड़े। ईशान किशन ने इस मामले में संजू सैमसन का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 4 शतक अब तक भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को मिलाकर जड़े हैं। ऋषभ पंत ने 3 बार शतकीय पारी विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेली है। इसमें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल के आंकड़े शामिल हैं।

क्विंटन डिकॉक दुनिया के पहले ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जिन्होंने विकेटकीपर के तौर पर टी20 क्रिकेट में 7 शतक जड़े हैं। 5 शतकों के साथ ईशान किशन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। उनके साथ दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के कामरान अकमल हैं। संजू सैमसन का नाम लिस्ट में चौथे नंबर पर आता है। ईशान किशन ने 136 पारियों में ही पांच शतक जड़ दिए हैं, जबकि 265 पारियों में कामरान अकमल पांच शतकों तक पहुंचे थे।

ईशान किशन ने टी20 क्रिकेट में कुल 6 शतक जड़े हैं, लेकिन एक मैच में वे विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर नहीं खेले थे। 216 मैचों की 207 पारियों में ईशान किशन ने 15 बार नाबाद रहते हुए कुल 5787 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 113 रन है। टी20 क्रिकेट मे उनका औसत 30.14 का है और स्ट्राइक रेट 138.21 का है। 6 शतक और 31 अर्धशतक उन्होंने जड़े हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *