भारत-न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड डील लागू, कपड़े-जूते समेत इन सेक्टरों को होगा बड़ा फायदा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) मंगलवार से लागू हो गया है। इस समझौते से दोनों देशों के कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर भारतीय कंपनियों और निर्यातकों के लिए न्यूजीलैंड के बाजार में अपने उत्पाद बेचना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है। इससे भारतीय कारोबारियों को नए ग्राहक मिल सकते हैं और देश के सामान की दूसरे देशों तक पहुंच बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।
इस समझौते से भारत के कई उद्योगों को फायदा मिलने की संभावना है। कपड़े, रेडीमेड गारमेंट्स, चमड़े के सामान और जूते-चप्पल बनाने वाली कंपनियों के लिए न्यूजीलैंड में कारोबार के नए अवसर खुल सकते हैं। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच निवेश बढ़ाने और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के मुताबिक, इंजीनियरिंग सामान, फार्मास्यूटिकल्स, मशीनरी, रसायन और कृषि उत्पादों जैसे अन्य क्षेत्रों को भी बेहतर बाजार पहुंच से लाभ मिलने की संभावना है।
सोमवार को केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने X’ (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, “भारत में 20 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश लाने की न्यूजीलैंड की प्रतिबद्धता में विनिर्माण, बुनियादी ढांचे, सेवाओं और नवाचार को मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं, जिससे उद्यमों और रोजगार को समर्थन मिलेगा।”
