योगी सरकार के एक मंत्री ने एक बड़ा बयान देकर सबको चौंका दिया है. जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने सार्वजनिक मंच से घोषणा की है कि वह अब ‘श्रापित’ हस्तिनापुर सीट से तीसरी बार चुनाव नहीं लड़ेंगे. मेरठ के खरखौदा में एक निजी कॉलेज के वार्षिकोत्सव के दौरान, कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम की मौजूदगी में दिनेश खटीक ने अपने मन की बात साझा की. उन्होंने कहा कि हस्तिनापुर की भूमि पर द्रौपदी का श्राप है.

मंत्री ने कहा, “पता नहीं क्यों मेरे मन में एक बात आती है कि एक बार विधायक बनने के बाद हस्तिनापुर से कभी दोबारा कोई एमएलए नहीं बना. लोग मुझसे पूछते थे कि क्या आप दोबारा जीतेंगे? कुदरती बात है कि मैं दो बार विधायक बना और दो बार मंत्री भी बना, लेकिन अब मुझे इस श्रापित भूमि से तीसरी बार चुनाव नहीं लड़ना है.”
“मोदी-योगी की वजह से पार हुई नैया”
दिनेश खटीक ने स्वीकार किया कि हस्तिनापुर के उस पुराने ‘मिथक’ को तोड़ने में वह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रभाव के कारण सफल रहे. उन्होंने कहा, “जब यहां कोई दोबारा नहीं जीत पाया, तो दिनेश खटीक की क्या औकात थी? लेकिन देश में मोदी और प्रदेश में योगी जैसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने मेरी नैया पार लगाई और मुझे दोबारा विधायक बनाया.”

