UP Weather: यूपी में भीषण कोहरे का रेड अलर्ट, शीतलहर से दिन का पारा गिरेगा- बढ़ेगी सर्दी
Gurugram: School children cross railway tracks amid a cold and foggy winter morning, in Gurugram, Friday, Dec. 20, 2024. (PTI Photo) (PTI12_20_2024_000156B)
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड व घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई शहर शून्य दृश्यता की चपेट में रहे। मौसम विभाग ने 23 शहरों में घने कोहरे का रेड, 31 के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 20 जिलों में शनिवार को शीत दिवस की स्थिति रह सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में पारा गिरकर 5.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है।
शुक्रवार की सुबह प्रदेश के पांच प्रमुख केंद्रों पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई, जिससे सड़क और हवाई यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। इनमें बरेली, गोरखपुर कुशीनगर और कानपुर शामिल रहे। बहराइच, लखनऊ एयरपोर्ट, फतेहगढ़, कानपुर शहर और हरदोई में दृश्यता 20 मीटर के आसपास रही। सुलतानपुर में अधिकतम तापमान मात्र 13.1(सामान्य से -8.1 डिग्री कम) और बहराइच में 14.2° डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मेरठ और इटावा में जमा देने वाली सर्दी रही।
उत्तर प्रदेश शीतलहर और कोहरे के रेड अलर्ट में आ गया। कोहरे की दृश्यता फिर शून्य रही। दिन में भी कोहरे और धुंध से 4.7 डिग्री पारा गिर गया। बर्फीली हवाओं से ठिठुरन और कंपकंपी अपने चरम पर पहुंच गई। कोहरे के साथ पाला भी गिरने लगा। आईएमडी के अनुसार, रविवार को भी रेड अलर्ट रहेगा। नवंबर के बाद दिसंबर माह में भी खूब सर्दी पड़ रही है। अंतिम सप्ताह में इसकी तीव्रता बढ़ती जा रही है।
जेट स्ट्रीम की ऊंचाई घटते ही कश्मीर से लेकर बिहार तक लोग सर्दी से कांप गए। गलन भी अपने पीक पर चली गई। सुबह से इसकी शुरुआत हुई लेकिन शाम होते ही यह खतरनाक स्थिति में चली गई। गुरुवार-शुक्रवार और शुक्रवार-शनिवार कोहरा खूब रहा। घने कोहरे को इस बात से समझा जा सकता है कि दृश्यता शून्य रिकॉर्ड की गई। ऐसे में पास में खड़े व्यक्ति को भी देखा नहीं जा सकता है। कोहरे के लिए यह खतरनाक स्थिति मानी जाती है।
कोहरा व धुंध के कारण अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री से घटकर 16.4 डिग्री सेल्सियस आ गया। 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। यह पारा सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम है। दिन में कोहरा और धुंध रही। दोपहर बाद कुछ किरणें फूटीं लेकिन, किसी तरह की राहत नहीं दिला सकीं। रात के तापमान में मामूली वृद्धि हुई। रात का तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस से 7.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम है। प्रदेश में मेरठ की रात सबसे सर्द रही। यहां न्यूनतम पारा 5.9 डिग्री रहा। इटावा 6.4, बाराबंकी 6.8, प्रयागराज 7.0 और सुल्तानपुर 7.7 डिग्री रहा।
सर्द मौसम और बर्फीली हवा ने सुबह से रात तक ठिठुरन का एहसास कराया। दिन में कोहरे की परत के बीच सूरज के दर्शन जरूर हुए लेकिन धूप में गर्माहट नहीं थी। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। दिन में भी तापमान कम रहा। दिन में दो बजे के आसपास तापमान कुछ देर के लिए बढ़ा।
