यूपी में बदला मौसम: आंधी से साथ हुई बारिश, 35 जिलों को लेकर चेतावनी, बिजली गिरने का भी अलर्ट

Bihar India News Uttar Pradesh

यूपी में पड़ रही सर्दी के बीच शुक्रवार की शाम को अचानक से मौसम बदल गया। उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर हवा का निम्नदाब क्षेत्र बन गया है। इसके असर से यूपी के उत्तरी पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार को व्यापक वर्षा हुई। सबसे अधिक 31.2 मिलीमीटर वर्षा मुजफ्फरनगर में दर्ज की गई। मेरठ में 10.5 डिग्री अधिकतम तापमान नीचे आ गया। गुरुवार को जो 25.5 था, वह शुक्रवार को 15 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग ने 35 जिलों में चेतावनी जारी की है। इसके अलावा बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।

अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार मुजफ्फरनगर में दिन का तापमान गिरकर 14.8 डिग्री पर आ गया। मेरठ में 15.4 और मुरादाबाद में 13.0 मिलीमीटर बारिश हुई। नजीबाबाद में 7.6 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे चला गया। इसके अलावा अलीगढ़ में 2.8 और बरेली में 0.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि आगरा में बूंदाबांदी (ट्रेस) दर्ज की गई। ब्रज में दिन भर बादल छाए रहे। इस दौरान सूरज ने केवल एकाध बार झलक दिखाई। पूरे दिन में कई बार बूंदाबांदी हुई।

वहीं मथुरा के चौमुंहा क्षेत्र से झमाझम बारिश की सूचना है। आगरा में दिन का तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मथुरा में तापमान करीब-करीब इसी स्थिति पर बना रहा। प्रदेश में सबसे गर्म जिला बुंदेलखंड का झांसी रहा जहां अधिकतम तापमान 28.3° डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे ठंडे शहर बहराइच और गोरखपुर रहे। न्यूनतम तापमान के मामले में बहराइच (6.0 डिग्री) और गोरखपुर (6.7 डिग्री) सबसे सर्द रहे।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिससे दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आई है।

मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, आगरा, और मेरठ मंडल सहित आसपास के इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मथुरा, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर समेत 35 जिलों में बिजली गिरने की संभावना है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं फसलों और कच्चे निर्माणों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *