ये काम नहीं किया तो रुक जाएगी सम्मान निधि, यूपी के इस जिले में 4 हजार दंपतियों की होगी छंटनी

Breaking India News Uttar Pradesh

फार्मर रजिस्ट्री कराई नहीं तो किसान सम्मान निधि रुक जाएगी। यूपी के कुशीनगर के ग्राम कसिया देवरिया और होरलापुर सहित तीन गांवों में कुल 217 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। इस वजह से वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित हो गए हैं। उन्हें निधि का लाभ नहीं मिल रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई मामलों में मृतक व्यक्तियों के नाम सूची में दर्ज हैं। बाहरी व्यक्तियों के नाम शामिल हैं। पेंशन धारकों के नाम दर्ज हैं। नाम मिसमैच की समस्या है। इन त्रुटियों के कारण फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया बाधित हो रही है। वहीं, फतेहपुर जिले में चार हजार दंपतियों का पता चला है जो गलत ढंग से किसान सम्मान निधि ले रहे थे।

शासन के निर्देश पर कुशीनगर की सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने जिले के सभी ग्रामों में 24 फरवरी तक ग्रामवार रोस्टर जारी कर फार्मर रजिस्ट्री कैंप आयोजित कराने का आदेश दिया है। इन कैंप की निगरानी के लिए उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की तैनाती की गई है। इसी क्रम में खंड विकास अधिकारी पडरौना रवि कुमार रंजन ग्राम होरलापुर पहुंचे, जहां राजस्वकर्मी योगेंद्र गुप्ता द्वारा लगाए गए कैंप का निरीक्षण किया। बी़डीओ ने निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान, कोटेदार और पंचायत सचिव को फार्मर रजिस्ट्री कार्य में सक्रिय सहयोग करने का निर्देश दिया।

वहीं, यूपी के फतेहपुर में जांच में सामने आया है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अपात्र भी उठा रहे हैं। फैमिली आईडी से चार हजार ऐसे दंपतियों की पुष्टि हुई है, जो विभाग की नजर में फर्जी तरीके से निधि का लाभ पा रहे थे। ऐसे अपात्रों की छंटनी के लिए विभाग जानकारी जुटा है और किसानों का सत्यापन करा रहा है। विभाग के अनुसार होली पर्व से पूर्व खातों में 23वीं किस्त भेजे जाने की संभावना है। जिले में करीब चार लाख किसान हैं और किसान सम्मान निधि में 3.71 लाख किसान दर्ज हैं। कुछ परिवारों में पति और पत्नी दोनोे ही योजना का लाभ उठा रहे हैं।

फैमिली आईडी से जानकारी होने पर विभाग ने छंटनी करना शुरू कर दिया है। चार हजार से अधिक दंपत्तियों को योजना से दूर करते हुए दिवंगत किसानों की वरासत न होने पर भी लाभ उठाने वालों को खंगाला जा रहा है। साथ ही मृतक किसानों का सत्यापन, ई-केवाईसी कराया जा रहा है। बता दें कि होली पर्व से पूर्व ही 3.27 लाख किसानों के खातों में 23वीं किस्त पहुंचाया जाना है। विभाग द्वारा सत्यापन, ई-केवाईसी की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। वहीं पात्र किसानों का बैचलॉक प्रक्रिया भी शुरु हो गई है, ताकि पात्र ही लाभांवित हो सकें। कृषि रक्षा अधिकारी रंजीत चौरसिया ने बताया कि अपात्रों को योजना से दूर करने का काम हो रहा है। सम्मान निधि की राशि होली से पूर्व ही किसानों के खातों में पहुंचेगी।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *