भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपने एक ताजा इंटरव्यू में संकेत दिया है कि हो सकता है कि उनसे विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को हैंडल करने में गलती हुई हो। उन्होंने कहा कि इंसान तो गलतियां करता ही है और हो सकता है कि उनसे गलती हुई होगी लेकिन उनका इरादा हमेशा नेक रहा है।
अक्सर ऐसी रिपोर्ट आती रहती है कि गौतम गंभीर और सीनियर खिलाड़ियों में रिश्ते ठीक नहीं हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा के प्रशंसक तो सोशल मीडिया पर आरोप लगाते आए हैं कि गंभीर दोनों दिग्गजों को टीम में नहीं चाहते। गौतम गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में ही कोहली और रोहित ने पिछले साल टेस्ट को अलविदा कहा था। 2024 में टी20 विश्व कप जीतने के तुरंत बाद दोनों ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लिया था। बाद में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में लचर प्रदर्शन के कुछ महीने बाद पिछले साल आईपीएल सीजन के बीच में दोनों दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। अब दोनों की नजर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप पर है।
गौतम गंभीर ने कहा, ‘मैं इंसान हूं। मुझे भी गलतियां करने की इजाजत मिलनी चाहिए। हर किसी की तरह किसी खिलाड़ी को भी गलतियां करने की छूट मिलनी चाहिए। पिछले 18 महीनों में मैंने बिल्कुल गलतियां की होंगी। मैं उससे नहीं भागता लेकिन मैंने हमेशा से एक चीज में यकीन किया है। सही इरादे से गलत फैसला स्वीकार्य है लेकिन ड्रेसिंग रूम में गलत इरादे से गलत फैसला मंजूर नहीं है।’
गंभीर ने कहा कि वह अपना काम ईमानदारी से करने और खिलाड़ियों के साथ साफ संवाद बनाए रखने पर फोकस किए हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘जब तक मैं हर चीज ईमानदारी से कर रहा हूं, जब तक मैं ड्रेसिंग रूम में हर किसी के साथ ईमानदार रह सकता हूं, मैं उनकी आंखों में देखकर बात कर सकता हूं, मैं समझता हूं कि तब तक मैं अपने पद के हिसाब से सही काम कर रहा हूं। मैं इसी को जीता हूं। मुझे सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर चीज पर कुछ भी सफाई देने की कोई जरूरत नहीं है।’
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने जब पिछले साल टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान किया तब से ही दोनों दिग्गजों के गौतम गंभीर के साथ समीकरणों की अक्सर चर्चा होती रहती है। दोनों दिग्गज अब सिर्फ ओडीआई खेल रहे हैं और उनका स्पष्ट लक्ष्य है 2027 का विश्व कप खेलना और भारत को खिताब दिलाना। क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा अगला वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे? इसे लेकर न तो कभी गौतम गंभीर ने और न ही कभी मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कभी आश्वस्त करने जैसा कुछ जवाब दिया है। उनके जवाबों से तो दोनों दिग्गजों के विश्व कप तक खेलना तो दूर, भारतीय वनडे टीम में जगह पक्की होने पर भी सस्पेंस हो गया था।
ये बात अलग है कि जब दोनों ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ओडीआई सीरीज खेली तब से अपने बल्ले से आलोचकों और उन पर संदेह करने वालों की बोलती बंद कर दी है। उसके बाद फिर वे सवाल जैसे दफन ही हो गए कि क्या दोनों दिग्गज 2027 का विश्व कप खेलेंगे।

