अंडों पर लिखनी होगी उत्पादन और एक्सपायरी डेट, 1 अप्रैल से लागू होगा नया नियम

Breaking India News Politics Uttar Pradesh

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार अंडों की बिक्री को लेकर बड़ा फैसला लेने जा रही है। अब अंडों पर उत्पादन तिथि और एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य किया जाएगा। इसका मकसद उपभोक्ताओं को ताजे और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद दुकानदार कई दिनों पुराने या खराब अंडे नहीं बेच सकेंगे। वहीं, ग्राहक भी अंडों पर लिखी तारीख देखकर आसानी से समझ सकेंगे कि अंडा खाने योग्य है या नहीं। सरकार का मानना है कि इस फैसले से खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता का सामान मिल सकेगा।

अंडों पर एक्सपायरी और उत्पादन तिथि को लेकर योगी सरकार ने बैठक भी की है। ऐसा माना जा रहा है कि 1 अप्रैल से यह निर्देश लागू हो जा रहा है। इसे लेकर पशुपालन विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग भी सख्त है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अंडे सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े होते हैं। पहले कई जगहों पर पुराने अंडे भी बेचे जाते थे और ग्राहकों को इसकी जानकारी नहीं हो पाती थी। अब इस नियम के लागू होने के बाद अंडों पर उत्पादन तिथि और एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य होगा। इससे बिक्री में पारदर्शिता आएगी और उपभोक्ताओं को ताजे व सुरक्षित अंडे मिल सकेंगे। पहले कई स्थानों पर पुराने ही अंडे ही बेचे जा रहे थे और ग्राहकों को पता नहीं चल पा रहा था कि ये कितना दिन पुराना है। वहीं, अगर कोई थोक या फुटकर व्यापारी नियम तोड़ता है तो उसके अंडे जब्त करने के साथ ही उन्हें नष्ट कर दिया जाएगा।

खाद्य विभाग के मुताबिक अंडों को सब्जियों के साथ नहीं स्टोर करना टाहिए। क्योंकि दोनों के लिए अलग-अलग तापमान होती है। यूपी में फिलहाल दो प्रमुख आगरा और झांसी में एग स्टोरेज हैं। जहां अंडों को रखा जाता है। अपर मुख्य सचिव (पशुधन) मुकेश मेश्राम के मुताबिक पहले खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा था और कई उपभोक्ताओं को भी इन नियमों की जानकारी नहीं थी। अंडों पर उत्पादन और एक्सपायरी डेट अंकित करने का उद्देश्य लोगों को ताजे अंडों के इस्तेमाल और सुरक्षित तरीके से उनके उपभोग के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में नियमों की अनदेखी सामने आई थी, जबकि उपभोक्ता भी इस व्यवस्था से अनभिज्ञ थे। नई व्यवस्था के तहत पशुपालन विभाग ने अंडा उत्पादकों, दुकानदारों और व्यापारियों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक अंडे को 30 डिग्री सेल्सियस के सामान्य तापमान पर रखा जाता है तो करीब 14 दिन तक यह खराब नहीं होता यानी इसे खा सकते हैं। वहीं, 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने पर एक महीने से ऊपर तक अंडा खराब नहीं होता।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *