यूपी के इस जिले में बनने जा रहा बड़ा औद्योगिक केंद्र, 112 एकड़ जमीन चिह्नित

Breaking India News Uttar Pradesh

यूपी के बरेली जिले में प्रशासन जल्द ही नवाबगंज में बड़ा औद्योगिक केंद्र विकसित करने जा रहा है। सरदार वल्लभ भाई पटेल औद्योगिक एवं रोजगार क्षेत्र योजना के तहत प्रशासन ने नवाबगंज में औद्योगिक केंद्र विकसित करने के लिए करीब 112 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली है। डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि औद्योगिक केंद्र का ब्लू प्रिंट तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। इससे न केवल नवाबगंज तहसील, बल्कि जिले और आसपास भी रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य की तरफ से बीते माह शासन को पत्र भेजकर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की मांग की गई थी। पत्र में नेशनल हाईवे-74 (नया एनएच-30) के किनारे स्थित जमीन को उपयुक्त बताते हुए प्रस्ताव भेजने को कहा गया था। इसके बाद डीएम के निर्देशन में औद्योगिक केंद्र के लिए जमीन चयन की कवायद शुरू हुई। जांच के बाद गांव बहोर नगला और रिछोला किफायतुल्ला और ग्रेम में करीब 112 एकड़ जमीन को इसके लिए उपयुक्त पाया गया। यह जगह मुख्यालय से करीब 20 किमी दूरी पर है। हाईवे से सीधे जुड़े होने के कारण औद्योगिक दृष्टि से अहम मानी जा रही हैं।

नेशनल हाईवे-30 से सटा होने की वजह से प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र तक परिवहन सुगम है। यहां तक माल की ढुलाई और सामान की सप्लाई आसानी से हो सकेगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर नवाबगंज क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। इससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलने की उम्मीद है, साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

रिछोला किफायतुल्ला में 7.7470 हेक्टेयर भूमि राजकीय कृषि फार्म के नाम दर्ज है, जो श्रेणी-1 की है। बहोर नगला में 40.6590 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध है, जो सरकारी अभिलेखों में सीर, खुदकाश्त, आबादी और सड़क के रूप में दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया कि गांव ग्रेम में वर्तमान खतौनी के अनुसार कृषि विभाग के नाम कोई भूमि दर्ज नहीं है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि औद्योगिक केंद्र विकसित करने के लिए तीन गांव में करीब 112 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। औद्योगिक क्षेत्र का विवरण शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृति होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *