पंजाब किंग्स ने छठी बार भेदा मुंबई इंडियंस का किला, CSK और RCB का रिकॉर्ड कर दिया धराशायी

India News

मुंबई इंडियंस का तोड़ अब पंजाब किंग्स ने अच्छे से खोज लिया है। यही कारण है कि मुंबई इंडियंस का किला कहे जाने वाले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अब पंजाब किंग्स का भी सिक्का चलने लगा है। पंजाब किंग्स ने छठी बार मुंबई इंडियंस का किला भेदा है और रिकॉर्ड कायम कर दिया है, क्योंकि अब पंजाब किंग्स से ज्यादा मैचों में किसी भी टीम को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में जीत नहीं मिली है। मुंबई इंडियंस को उन्हीं के घर में हराकर पंजाब किंग्स ने सीएसके और आरसीबी का रिकॉर्ड तोड़ा है।

पंजाब किंग्स ने छठी जीत मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनके होम ग्राउंड पर हासिल की है। अभी तक 5-5 जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स संयुक्त रूप से पहले स्थान पर थीं, लेकिन अब पंजाब ने ही सीएसके और आरसीबी के रिकॉर्ड को धराशायी कर दिया है। 11 मैचों में वानखेड़े में मुंबई के खिलाफ ये पंजाब की छठी जीत है। सीएसके और आरसीबी ने 13-13 मैच यहां खेले हैं और 5-5 मैच ही जीते हैं। राजस्थान रॉयल्स 9 मैचों में 4 जीत के साथ चौथे पायदान पर है।

इतना ही नहीं, मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली टीम भी अब पंजाब किंग्स है। 18 मैच पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीते हैं। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स ने भी इतने ही मैच एमआई के खिलाफ जीते हैं, लेकिन 35 मैच पंजाब ने खेले हैं, जबकि 39 मैचों में से 18 मैचों में सीएसके को जीत मिली है। दिल्ली कैपिटल्स ने 17 और आरसीबी ने 16 मैच एमआई के खिलाफ जीते हैं। राजस्थान रॉयल्स ने 15 मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में जीते हैं।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पंजाब किंग्स की ये लगातार तीसरी जीत है। पिछले साल क्वालीफायर 2 में भी पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराया था, जबकि लीग मैच में भी पंजाब किंग्स ने मुंबई की टीम को मात दी थी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *