पश्चिम एशिया संकट के गहराते असर के बीच बीते एक मई को सरकार ने कॉमर्शियल रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके तहत अब दिल्ली में 19 किलोग्राम गैस का कॉमर्शियल सिलेंडर 993 रुपये महंगा हो गया है। वहीं, अब पांच किलोग्राम के छोटू सिलेंडर की कीमत 549 रुपये से बढ़ाकर 810.50 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी गई है। इस ऐतिहासिक बढ़ोतरी के बाद अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। वैसे तो इस बार घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम नहीं बढ़े हैं लेकिन मार्च के महीने में घरेलू इस्तेमाल वाले 14 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। महंगाई के इस माहौल में हम आपको बताएंगे कि कैसे 300 रुपये सस्ती कीमत पर एलपीजी सिलेंडर खरीद सकते हैं
दरअसल, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत ग्राहकों को 300 रुपये की सब्सिडी मिलती है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को सरकार ने प्रति वर्ष 9 रिफिल (5 किलोग्राम सिलेंडर वालों के लिए आनुपातिक रूप से) के लिए 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दी है।
इसमें सभी पीएमयूवाई लाभार्थियों को बिना किसी जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन मिलता है। इस कनेक्शन में सिलेंडर की सुरक्षा जमा राशि (एसडी), प्रेशर रेगुलेटर, सुरक्षा नली, घरेलू गैस उपभोक्ता कार्ड (डीजीसीसी) पुस्तिका और इंस्टॉलेशन चार्ज शामिल हैं। उज्ज्वला 2.0 की मौजूदा व्यवस्था के अनुसार, सभी लाभार्थियों को पहला रिफिल और चूल्हा भी निःशुल्क दिया जाता है। कहने का मतलब है कि लाभार्थियों को एलपीजी कनेक्शन, पहले रिफिल या चूल्हे के लिए कोई भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि इनका खर्च भारत सरकार/ओएमसी द्वारा वहन किया जाता है।
होटल एवं रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले 19-किलोग्राम के कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 993 रुपये बढ़ाकर रिकॉर्ड 3,071.50 रुपये कर दी गई। इससे पहले 1 अप्रैल को 195.50 रुपये प्रति सिलेंडर और 1 मार्च को 114.50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी। इसके साथ ही, तीन महीनों में कीमतों में कुल 1,303 रुपये की वृद्धि हुई है।
वहीं, पांच किलोग्राम एफटीएल या बाजार मूल्य वाले एलपीजी सिलेंडर की दरें 549 रुपये से बढ़ाकर 810.50 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी गईं। अब पांच किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर (जिसे घरेलू एलपीजी कहा जाता है) की 913 रुपये की कीमत से थोड़ा ही कम रह गई है।

