भाजपा का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता, बंगाल के नतीजों के बाद फायर हुए राहुल गांधी

Breaking India News Politics

बंगाल में चुनावी नतीजे सामने आने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर वोट चोरी का मुद्दा उठाकर भाजपा को घेरा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। साथ ही राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर भी सवाल खड़े किए।

राहुल गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने लिखा, “वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार। लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। पहचानना मुश्किल नहीं। क्या उन्हें BJP की भाषा में “घुसपैठिए” कहें?

राहुल गांधी ने आगे कहा कि हरियाणा में भाजपा की पूरी सरकार ही घुसपैठिया है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा, “जो संस्थाएं अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं, वो खुद रिमोट कंट्रोल्ड हैं। उन्हें असली डर सच्चाई का है। क्योंकि निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो आज ये 140 के पास भी नहीं जीत सकते।”

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भाजपा को 294 में से 207 सीटों पर जीत मिली है। इसके बाद टीएमसी और कांग्रेस ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया है। राहुल गांधी पहले भी वोट चोरी का मुद्दा उठाकर भाजपा पर बड़े आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने बीते साल इसे लेकर एक बड़ा आंदोलन भी छेड़ा था और कुछ दस्तावेज पेश कर लोकसभा और कुछ राज्यों के चुनाव में चुनाव आयोग पर धांधली का आरोप लगाया था। अब बंगाल में हार मिलने के बाद ममता बनर्जी ने भी ऐसा ही आरोप लगाया है।

ममता बनर्जी ने नतीजों को साजिश करके बनाया हुआ बताकर कहा कि उनकी पार्टी चुनाव आयोग से लड़ रही थी, भाजपा से नहीं। तृणमूल को 80 सीटों पर ही जीत मिली है। इसके बाद ममता बनर्जी ने पद छोड़ने से भी इनकार कर दिया है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”मैं पद क्यों छोड़ूं? हम हारे नहीं हैं। जनादेश लूटा गया है। इस्तीफे का सवाल ही कहां उठता है?” उन्होंने कहा, ”मेरे इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि हमारी हार जनता के जनादेश से नहीं बल्कि एक साजिश से हुई है। मैं हारी नहीं हूं, मैं लोक भवन नहीं जाऊंगी।”

ममता बनर्जी ने मतगणना में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दावा किया कि लगभग 100 सीट की लूट हुई है और उनकी पार्टी का मनोबल तोड़ने के लिए मतगणना की गति जानबूझकर धीमी की गई। उन्होंने कहा, “हम भाजपा से नहीं लड़ रहे थे; हम निर्वाचन आयोग से लड़ रहे थे, जो भाजपा के लिए काम कर रहा था। मैंने अपने पूरे राजनीतिक करियर में ऐसा चुनाव कभी नहीं देखा।” उन्होंने चुनाव आयोग पर अपना हमला तेज करते हुए कहा, “इतिहास में एक काला अध्याय लिख दिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त खलनायक बन गए हैं।”

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *