Gold Silver Price today: सोने का दाम 1% गिरा, चांदी का भाव 11700 रुपये हुआ कम, चेक करें लेटेस्ट रेट

Breaking News

सोने और चांदी की कीमतों में आज भारी गिरावट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर गोल्ड और सिल्वर का रेट आज लुढ़क गया है। कीमतों में गिरावट के पीछे की वजह महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी को माना जा रहा है। मौजूदा परिस्थितियों को देखकर लगता है कि ब्याज दरों में हुए इजाफे से लम्बे समय तक कोई राहत नहीं मिलने जा रही है। इसके अलावा निवेशकों की नजर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच चल रही बातचीत पर भी है। एमसीएक्स जुलाई 2026 सिल्वर फ्यूचर्स का रेट 11700 रुपये या फिर 4 प्रतिशत की गिरावट के बाद 279458 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गया है। वहीं, गोल्ड फ्यूचर्स 2026 जून का रेट 1600 रुपये या फिर 1 प्रतिशत की गिरावट के बाद 160355 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। पिछले सत्र में सोने और चांदी की फ्लैट क्लोजिंग एमसीएक्स पर हुई थी।

वहीं, अगर बात करें इंटरनेशनल मार्केट की तो वहां भी सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। आज शुक्रवार को लगातार चौथे दिन सोने का रेट 0.80 प्रतिशत की गिरावट के बाद 4613.19 डॉलर पर आ गया। स्पॉट सिल्वर 3.1 प्रतिशत की गिरावट के बाद 80.93 डॉलर प्रति आउंस के स्तर पर आ गया है। प्लेटिनम के रेट में 1.7 प्रतिशत की गिरावट के बाद 2021.75 डॉलर के स्तर पर आ गया।

आज दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 129816 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है। वहीं, 22 कैरेट गोल्ड का रेट 119168 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है। मुंबई में सोने का रेट 129872 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट गोल्ड का रेट शहर में 119048 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि आज के सत्र में सोने और चांदी की कीमतों में उतार और चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि गोल्ड की नजर इस समय पर चीन में हो रही मीटिंग और डॉलर इंडेक्स पर टिकी हुई है। एक्सपर्ट्स नए निवेशकों को मौजूदा समय में सोने पर दांव लगाने से बचने की सलाह दे रहे हैं।

(यह निवेश की सलाह नहीं है। सोने और चांदी की कीमतों में तेजी और गिरावट के पीछे कई कारण होते हैं। यहां प्रस्तुत एक्सपर्ट्स के विचार निजी हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर सोने और चांदी को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *