विराट कोहली ने आईपीएल में हो रही कैमरेबाजी पर बयान दिया है। विराट कोहली ने प्रैक्टिस सेशन से लेकर प्राइवेट बातचीत में भी कैमरों के घुसने पर सवाल उठाया है। विराट ने कहा है कि अब मैदान पर आपके लिए कुछ निजी नहीं बचा है। उन्होंने माना है कि उन्हें मैच का दबाव पसंद है, लेकिन हर जगह कैमरों का होना सही नहीं है। उन्होंने आईपीएल की टीमों को भी लताड़ लगाई है, जो सोशल मीडिया पर निजी बातों को शेयर कर रही हैं। आरसीबी के स्टार ने वायरल मोमेंट बनाने के लिए आईपीएल टीमों की सोशल मीडिया यूनिट्स द्वारा कैप्चर की जाने वाली फुटेज के मामले में कुछ “सुव्यवस्थित” करने के लिए कहा है।
आरसीबी के पॉडकास्ट में विराट कोहली ने कहा, “आप प्रैक्टिस के लिए जाते हैं और आपके पीछे 6 कैमरे होते हैं। यह बिल्कुल भी आरामदायक एहसास नहीं होता। एक खिलाड़ी के तौर पर, आपके पास शांति से अपने खेल पर काम करने की काबिलियत और आजादी होनी चाहिए। अगर आप जो कुछ भी करते हैं वह सिर्फ फ़िल्म बनाने, दिखाने या चीर-फाड़ करने का मौका है, तो आप ऑर्गेनिक नहीं हैं। मैं प्रैक्टिस में वो चीजें करने की कोशिश नहीं कर पाऊंगा जो मैं सच में करना चाहता हूं, क्योंकि मुझे पता है कि कल अगर कोई इसका वीडियो बना लेगा तो फिर मेरे प्रैक्टिस सेशन पर चर्चा होगी।”
विराट कोहली ने आगे कहा, “आप मुझे खेल के दौरान मेरे प्रदर्शन के आधार पर जज करते हैं, तैयारी के दौरान नहीं। किसी को भी मेरी तैयारी, नेट्स में मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, उसके आधार पर मुझे जज करने का अधिकार नहीं है।” कोहली ने टीमों के सोशल मीडिया यूनिट्स से कहा है कि उन्हें यह बात समझनी चाहिए कि कब चीजें रिकॉर्ड करनी चाहिए और कब कैमरा बंद कर देना चाहिए।
कोहली ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि यह समझने के मामले में थोड़ी और चीजें व्यवस्थित होनी चाहिए कि कितना रिकॉर्ड करना है, कब करना है, क्या खिलाड़ी हर समय फिल्माए जाने से ठीक हैं। इस तरह की चीज़ों का सच में ध्यान रखना होगा, क्योंकि यह बहुत ज़्यादा हो जाता है।” उन्होंने आगे अपनी बात रखते हुए कहा, “मुझे गेम का प्रेशर पसंद है, लेकिन सच कहूं तो मुझे किसी और चीज का प्रेशर पसंद नहीं है। जैसे सोशल मीडिया किसी भी टीम के लिए कमर्शियल रिप्रेजेंटेशन या फैन एंगेजमेंट का एक बड़ा हिस्सा है, जो समझ में आता है, लेकिन मुझे सच में लगता है कि थोड़ी और स्ट्रीमलाइनिंग होनी चाहिए।”
विराट कोहली ने रोबो-डॉग कैमरा चंपक का भी जिक्र किया, जब वे केन विलियमसन से बात कर रहे थे। विराट ने बताया, “मैं कुछ दिन पहले केन से बात कर रहा था और वो रोबोट जैसी चीज मुझे हाथ हिला रही थी और मैं सोच रहा था ‘ये चीज मुझे हाथ क्यों हिला रही है?’ मैं केन से बहुत सीरियस बात पर बात कर रहा था। पहले मैंने डॉग को इग्नोर किया और फिर मैंने उसे कंट्रोल करने वाले आदमी से कहा, ‘प्लीज इसे ले जाओ।’ मुझे शांति से बात करने दो। केन मेरा दोस्त है। मैं उससे बिना ‘मोमेंट’ बने बात नहीं कर सकता। कल को न्यूज में आजाएगा कि किंग और केन मामा के बीच ये बात हुई।”

