सरोजनीनगर, (लखनऊ) संवाददाता। दिल्ली में शुक्रवार देर रात खराब मौसम और कम दृश्यता का व्यापक असर हवाई सेवाओं पर देखने को मिला। प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के चलते दिल्ली जाने वाली विभिन्न एयरलाइंस की आठ उड़ानों को एहतियातन चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें घरेलू उड़ानों के साथ एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शामिल रही। मौसम में सुधार होने के बाद सभी विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, देर रात से तड़के सुबह तक लगातार उड़ानों के डायवर्जन के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर अस्थायी रूप से यात्रियों की संख्या बढ़ गई। सैकड़ों यात्रियों को विमान के दोबारा रवाना होने तक इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस के कर्मचारियों ने यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कीं。
सबसे पहले एयर इंडिया की उड़ान एआई-2904 को आंध्र प्रदेश से दिल्ली जाते समय रात 12 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया। विमान में 156 यात्री सवार थे। दिल्ली में मौसम सामान्य होने पर इसे रात 1:42 बजे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। इसके बाद अहमदाबाद से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-932 रात 12:18 बजे लखनऊ पहुंची। इस विमान में 230 यात्री सवार थे। मौसम में सुधार होने पर इसे रात 1:52 बजे दिल्ली भेजा गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की पटना से दिल्ली जा रही उड़ान आईएक्स-1029 को रात 12:32 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया। विमान में 147 यात्री सवार थे। यह उड़ान रात 2:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। उड़ीसा से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-1847 रात 12:59 बजे लखनऊ पहुंची। विमान में 166 यात्री सवार थे। मौसम साफ होने पर इसे रात 2:26 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। मंगलौर से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6457 रात 1:06 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची। कुछ समय बाद इसे रात 2:32 बजे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
कजाकिस्तान से दिल्ली आ रही एयर अस्ताना की अंतरराष्ट्रीय उड़ान केसी-963 भी खराब मौसम के कारण प्रभावित हुई। यह उड़ान रात 1:12 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। दिल्ली में मौसम सुधरने के बाद विमान को रात 2:52 बजे उसके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इसी क्रम में नासिक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6636 रात 1:20 बजे लखनऊ डायवर्ट की गई। विमान में 197 यात्री सवार थे। इसे सुबह 3:20 बजे दिल्ली भेजा गया। वहीं, पटना से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की उड़ान एसजी-2478 रात 1:37 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची। मौसम अनुकूल होने के बाद इस विमान को भी दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। विमान में 84 यात्री सवार थे।
एक साथ आठ उड़ानों के लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने से देर रात एयरपोर्ट की गतिविधियां काफी बढ़ गईं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल, ग्राउंड स्टाफ और एयरलाइंस कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। हालांकि मौसम में सुधार के बाद सभी उड़ानों को सुरक्षित रूप से दिल्ली रवाना कर दिया गया और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।
विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली क्षेत्र में देर रात खराब मौसम, तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण विमान संचालन प्रभावित हुआ। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरलाइंस ने उड़ानों को निकटतम सुरक्षित एयरपोर्ट लखनऊ की ओर डायवर्ट किया। मौसम सामान्य होते ही उड़ानों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया।

