August 3, 2026

यूपी में हाईअलर्ट के बीच राम मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे दो युवक, पूछताछ में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा से लेकर कांवण यात्रा मार्गों पर आतंकी हमले का गहरा आतंकी खतरा मंडरा रहा है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार को हुई आतंकी घटना के बाद इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर यूपी में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच, अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में दो युवकों के घुसने से हड़कंप मच गया। वह बैरियर पर जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंदर कुबेर टीला मैदान तक पहुंच गए। यहां उन्हें सीसीटीवी कैमरे के जरिए घूमते देखकर फौरन हिरासत में ले लिया गया। दोनों को राम जन्म भूमि चौकी ले जाकर पूछताछ हो रही है। दोनों के गृह जनपद जौनपुर की पुलिस को सूचना देकर उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह लगभग पौने 11 बजे के बाद मजदूरों के लिए बनाए गए प्रवेश मार्ग गेट नंबर दो से दो युवक बैग लेकर मजदूरों के साथ ही अंदर घुस गए। अन्य लोगों की तरह उनकी भी जांच हुई। सूत्र बताते हैं कि जांच में एक चूक यह हुई कि उनका कर्मचारी कार्ड नहीं देखा गया, इसलिए वे दोनों अंदर की तरफ चलते चले गए। कुछ देर बाद सुरक्षा कर्मियों को सीसीटीवी कैमरे में दिखा कि प्रतिबंधित क्षेत्र कुबेर टीला के मैदान में दो युवक टहल रहे हैं तो फौरन अलर्ट जारी कर दिया गया।

अलर्ट जारी करने के चंद मिनट में उन्हें सुरक्षा कर्मियों ने हिरासत में ले लिया। राम जन्मभूमि परिसर की चौकी में पूछताछ हुई तो उन्होंने अपना नाम अनुज (28) और अजय (32) निवासी थाना सिकरौरा जौनपुर बताया है। उनके बैग से कोई संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि मार्ग की जानकारी न होने और उन्हें किसी जगह ना रोके जाने से वह बढ़ते चले गए। शाम तक उनके गृह जनपद से जांच पड़ताल चलती रही। मामले की पुष्टि के लिए एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र को फोन मिलाया गया लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया।

सूत्रों के अनुसार यूपी में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नेटवर्क हमलों का साजिश रच रहा है। इसी के बाद लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा समेत अन्य जिलों में पूरी सतर्कता और अतिरिक्त चेकिंग के कड़े निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शनिवार रात डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश समेत अन्य वरिष्ठ अदिकारियों के साथ बैठक कर शांति-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखे जाने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में पूरी मुस्तैदी बरते जाने के साथ ही किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है।

डीजीपी ने एटीएस की पूरी टीम को लखनऊ और कांवण यात्रा से जुड़े जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने का निर्देश दिया है। सूत्रों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों की गोलीबारी में एक मजदूर की मौत की घटना के बाद यह इनपुट सामने आया है। आईएसआई के इशारे पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने यूपी में कट्टरपंथी युवकों के कई मॉड्यूल तैयार किए हैं। इनमें एक संदिग्ध आतंकियों के ग्रुप ने बिजनौर में वाहन को आग लगाने की घटना की थी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.