September 24, 2026

यूपी MLC चुनाव: भाजपा से टिकट के लिए कहां से कौन-कौन कर रहा दावेदारी, क्या है तैयारी

यूपी में मंगलवार को राज्यसभा की 10 और विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही, सियासी तपिश बढ़ गई। विधान परिषद की यह सीटें स्नातक और शिक्षक कोटे की हैं। सपा सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। भाजपा इनमें से पांच सीटों पर मई में प्रत्याशी घोषित किए थे। आधा दर्जन सीटों पर माथापच्ची का सिलसिला जारी है। हालांकि इन सीटों पर कोर कमेटी सहित कई स्तर पर मंथन हो चुका है। चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के बाद इन सीटों पर जल्द प्रत्याशी घोषित होने की उम्मीद है।

विधान परिषद की जिन 11 सीटों पर चुनाव होना है। उन सभी पर समाजवादी पार्टी पहले ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। भाजपा को अभी गोरखपुर शिक्षक सीट, इलाहाबाद स्नातक सीट, वाराणसी शिक्षक और स्नातक सीट, आगरा शिक्षक सीट और मेरठ स्नातक सीट पर प्रत्याशी घोषित करने हैं। दरअसल, भाजपा जिताऊ चेहरों की खोज में जुटी है।

गोरखपुर शिक्षक सीट से इस बार शर्मा गुट से एमएलसी रहे ध्रुव कुमार त्रिपाठी और प्रयागराज स्नातक सीट पर माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रदेश अध्यक्ष रहे सुरेश त्रिपाठी के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना है। सुरेश त्रिपाठी ने हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा भी दे दिया है।

आगरा स्नातक सीट पर पिछला चुनाव निर्दलीय जीते आकाश अग्रवाल भी भाजपा का टिकट चाहते हैं जबकि कर्मचारी नेता हरिकिशोर तिवारी की भी इस सीट पर मजबूत दावेदारी है। एटा के राहुल गुप्ता भी भाजपा का टिकट चाहते हैं। जो पांच सीटें भाजपा घोषित कर चुकी है, उसमें पार्टी ने मौजूदा चेहरों पर ही दांव लगाया है।

लखनऊ-सीतापुर स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह, लखनऊ-सीतापुर शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी, बरेली-मुरादाबाद से हरी सिंह ढिल्लो, आगरा स्नातक सीट से डा. मानवेंद्र सिंह और मेरठ-सहारनपुर सीट से श्रीचंद शर्मा को फिर मैदान में उतारा गया है।

यूपी में विधान परिषद की 11 सीटों पर नवरात्र के ठीक बाद 23 अक्तूबर को चुनाव होगा। विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और छह अक्तूबर तक नामांकन किए जा सकेंगे। विधान परिषद की पांच खंड स्नातक व छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सदस्यों का चुनाव होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि पांच खंड स्नातक व छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को पूरा हो रहा है।छह अक्तूबर तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्तूबर और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अक्तूबर तय की गई है। 23 अक्तूबर को मतदान होगा। 27 अक्तूबर को मतगणना होगी।

जिन 11 सदस्यों का कार्यकाल खत्म होने के चलते चुनाव कराया जा रहा है, उनमें लखनऊ खंड स्नातक से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डा. मानवेन्द्र प्रताप सिंह गुरुजी, मेरठ से दिनेश कुमार गोयल, इलाहाबाद-झांसी से डा. मान सिंह यादव, लखनऊसे उमेश द्विवेदी, वाराणसी से लाल बिहारी यादव, आगरा से डा. आकाश अग्रवाल, मेरठ से श्रीचन्द शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से हरि सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद खंड क्षेत्र से ध्रुव कुमार त्रिपाठी शामिल हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.