November 3, 2026

यूपी के पौने दो करोड़ लोगों को सीएम योगी आज देंगे गिफ्ट, हर खाते में आएंगे 700 से ज्यादा रुपए

दिवाली पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के पौने दो करोड़ से अधिक परिवारों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लोक भवन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के तहत रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के लिए लोगों के खाते में पैसे भेजेंगे। इस योजना के तहत राज्य के 1.89 करोड़ पात्र परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी जाएगी।

उज्ज्वला योजना के प्रत्येक लाभार्थी परिवार को यूपी सरकार ने दिवाली और होली पर एक-एक सिलेंडर देने का वादा किया है। फिलहाल प्रति सिलेंडर केंद्र सरकार 335.40 और राज्य सरकार द्वारा ₹648.55 तक की सब्सिडी दे रही है। इस प्रकार, जिन लाभार्थियों ने दिवाली के अवसर पर अपना एलपीजी सिलेंडर रिफिल कराया है, उनके खातों में 700 रुपये से लेकर 900 रुपये से अधिक तक की सब्सिडी राशि आएगी।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार अपने संकल्प पत्र के वादे के अनुसार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में दो बार—दीपावली और होली पर निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ देती है। इसी क्रम में प्रथम चरण (अक्टूबर से दिसंबर 2026) के तहत दीपावली पर और दूसरे चरण (जनवरी से मार्च 2027) में होली के अवसर पर यह मुफ्त रिफिल सब्सिडी लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही है।

मंगलवार दोपहर 3:30 बजे लोक भवन सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल प्रदेश की गृहिणियों को धुएं से मुक्ति मिलेगी, बल्कि त्यौहारों के मौसम में गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बजट को भी बड़ी राहत मिलेगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.