यूपी चुनाव में उतरने को तैयार नया मोर्चा, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन का आज ऐलान, किसे चुनौती
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) और सांसद चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी आज गठबंधन का ऐलान करने जा रहे हैं। इसे यूपी में तीसरा मोर्चा का नाम दिया जा रहा है। नया मोर्चा यूपी की सियासत में नए समीकरण पैदा कर सकता है। दोनों के निशाने पर दलित-मुस्लिम समाज का वही वोट बैंक है जिसे सपा-बसपा और कांग्रेस का माना जाता रहा है। ऐसे में तीनों दलों के लिए चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। नए गठबंधन का असर यूपी की दो दर्जन से अधिक सीटों पर देखने को मिल सकता है।
एआईएमआईएम की नजर उन सीटों पर है, जहां मुस्लिम मतदाता निर्णायक स्थिति में हैं। पार्टी अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी ने इसी रणनीति के तहत यूपी के दौरे तेज किए हैं। बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा, कैराना से प्रत्याशी भी घोषित कर दिए। पिछली सभाओं में ओवैसी के निशाने पर सपा ही रही। ऐसे में यह तीसरा मोर्चा अगर दलित व मुस्लिम वोटों को पाले में करने में सफल रहा तो भाजपा के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है।
