यूपी में दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, सुबह कोहरे से घटेगी दृश्यता
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कई हिस्सों में धुंध-कोहरे के अलावा बारिश की संभावना है। पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। हालांकि मौसम विभाग ने कोई चेतावनी नहीं जारी किया है। वहीं, दो दिन बाद से फिर मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर की सुबह निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है। लखनऊ और वाराणसी में अगले दो से तीन दिनों के दौरान दृश्यता घटकर 200 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में दृश्यता 200 से 800 मीटर के बीच रह सकती है। इसके अलावा 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश/गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। वहीं 16 नवंबर को दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला कोहरा होने की संभावना है। 18 से लेकर 19 नवंबर तक भी मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
