November 15, 2026

भारत की मेजबानी में जुटेंगे 15 से अधिक देश, PM मोदी करेंगे SCO सभ्यतागत संवाद सम्मेलन का उद्घाटन; जानें क्या है खास

शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का पहला सभ्यतागत संवाद मंच सम्मेलन भारत में होगा। इस सम्मेलन के लिए चीन, कजाखस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान सहित कई देशों ने शामिल होने की पुष्टि की है लेकिन पाकिस्तान का इंतजार है। यह सम्मेलन 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में होगा।

शुक्रवार को केंद्रीय कला एवं सस्कृति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने विस्तार से इस सम्मेलन की जानकारी दी है। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। शेखावत ने बताया कि इस सम्मेलन के लिए भारत सरकार की ओर ओर से शंघाई के सभी सहयोगी देशों को आमंत्रण भेजा गया है। यह आमंत्रण 25 देशों को भेजा गया है और इन देशों में 15 देश इस सम्मेलन में आने की सहमति दे चुके हैं।

शंघाई देशों में चीन व पाकिस्तान भी शामिल है। मामले में जब शेखावत से सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि चीन से इस कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति आ चुकी है। पाकिस्तान को भी यह निमंत्रण भेजा गया है हालांकि अब तक पाक से कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति नहीं आई है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान भी मंच में शामिल होने की पुष्टि करेगा और इसमें हिस्सा लेगा।

उन्होंने बताया कि सहमति देने वाले देशों में चीन, कजाखस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं। इस सम्मेलन में सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला एवं वास्तुकला तथा भाषा, साहित्य और पांडुलिपियां शामिल हैं

एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में आयोजित एक शिखर सम्मेलन के दौरान रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने की थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे। ईरान 2023 में इसका सदस्य बना।

एससीओ की वेबसाइट के अनुसार, इस संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में सदस्य देशों के बीच आपसी विश्वास, मित्रता और अच्छे पड़ोसी संबंधों को मजबूत करना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देना शामिल है। शेखावत ने कहा कि भारत का उद्देश्य एससीओ को केवल भू-राजनीतिक और आर्थिक मंच तक सीमित रखने के बजाय साझा सभ्यतागत विरासत और मानवीय मूल्यों पर संवाद का मंच बनाना है। सदस्य देशों के अलावा एससीओ में कुछ पर्यवेक्षक देश और संवाद साझेदार भी हैं।

इस कार्यक्रम के चार सत्र होंगे। पहले सत्र सभ्यता और संस्कृति से जुड़ी चीजों से संबंधित होगा। इनमें पहनावा, खानपान, पारंपरिक खेल और संगीत आदि शामिल रहेगा। इसी प्रकार दूसरे सत्र में कला और वास्तुकला, तीसरे सत्र में भाषा साहित्य, लिपियां और पांडुलिपियां- जिसमें नालंदा – तक्षशिला और वल्लभी जैसे शिक्षा केंद्रों की भूमिका शामिल होगी। इसके अतिरिक्त चौथा सत्र मठों, धार्मिक और दार्शनिक परंपराओं पर होगा।

इसमें बौध धर्म, इस्लाम, पारसी, ताओवाद और सिख धर्म को शामिल किया गया है। इस सम्मेलन में केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल, संयुक्त सचिव डा अरविंद कुमार और सदस्य सचिव सच्चिदानंद जोशी व एडीजी पीआइबी एम अन्नादुरइ भी उपस्थित थे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.