भारत की मेजबानी में जुटेंगे 15 से अधिक देश, PM मोदी करेंगे SCO सभ्यतागत संवाद सम्मेलन का उद्घाटन; जानें क्या है खास
शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का पहला सभ्यतागत संवाद मंच सम्मेलन भारत में होगा। इस सम्मेलन के लिए चीन, कजाखस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान सहित कई देशों ने शामिल होने की पुष्टि की है लेकिन पाकिस्तान का इंतजार है। यह सम्मेलन 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में होगा।
शुक्रवार को केंद्रीय कला एवं सस्कृति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने विस्तार से इस सम्मेलन की जानकारी दी है। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। शेखावत ने बताया कि इस सम्मेलन के लिए भारत सरकार की ओर ओर से शंघाई के सभी सहयोगी देशों को आमंत्रण भेजा गया है। यह आमंत्रण 25 देशों को भेजा गया है और इन देशों में 15 देश इस सम्मेलन में आने की सहमति दे चुके हैं।
शंघाई देशों में चीन व पाकिस्तान भी शामिल है। मामले में जब शेखावत से सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि चीन से इस कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति आ चुकी है। पाकिस्तान को भी यह निमंत्रण भेजा गया है हालांकि अब तक पाक से कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति नहीं आई है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान भी मंच में शामिल होने की पुष्टि करेगा और इसमें हिस्सा लेगा।
