November 17, 2026

यूपी विधानसभा चुनाव: ‘दलित दमदार’ बनाएंगे किसकी सरकार, साधने में जुटे सभी महारथी

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों के करीब आने के साथ ही राज्य की राजनीति का सबसे बड़ा केंद्र 21.1% दलित वोट बैंक बन गया है। चुनावी रणनीतिकारों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कभी एकमुश्त होकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) का आधार माना जाने वाला यह वर्ग अब बहुकोणीय मुकाबले का सबसे बड़ा ‘मैग्नेट’ बन चुका है। सत्ता तक पहुंचने के लिए समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी (BJP), बीएसपी और चंद्रशेखर आजाद-ओवैसी का नया गठबंधन अपने-अपने स्तर पर नई बिसात बिछा रहे हैं।

सपा के ‘PDA’ और बीजेपी की ‘समरसता यात्रा’ से लेकर मायावती की वापसी की कीशिशों और चंद्रशेखर-ओवैसी के ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ तक सभी इस वोट बैंक को साधने में जुट गया है। सीधे शब्दों में कहें तो यूपी की सियासत में दलित राजनीति का नया दौर शुरू हो चुका है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दलितों की राजधानी माने जाने वाले आगरा के जीआईसी मैदान में ‘पीडीए दलित महासम्मेलन’ किया। इस रैली में लाल टोपी के साथ नीले बैनर और ‘बुद्धम शरणम गच्छामि’ के संदेश देकर बसपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने का संदेश दिया गया।

अखिलेश यादव ने अपने ‘PDA’ फॉर्मूले के ‘D’ को ‘दमदार दलित’ बताते हुए संविधान और आरक्षण की रक्षा, सरकारी नौकरियों, पेपर लीक और प्राइमरी स्कूलों की बदहाली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।

‘पीडीए-दलित सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा, “जो लोग कह रहे थे कि यह अंगद का पांव है, आगरा के इस दलित सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी। जब जमीन ही नहीं होगी तो अंगद का पांव कहां रखोगे। इस बार दलित भाजपा को दल देगा और उसका हमेशा-हमेशा के लिए सफाया करने जा रहा है।”

उन्होंने कहा, “हमारे पीडीए की परिभाषा बदलने की कोशिश की जाती है, लेकिन यहां जिस तरह का जनसमर्थन दिखाई दे रहा है, उससे मैं कह सकता हूं कि हमारे पीडीए का जो ‘डी’ पहले दलित था, अब वह दमदार दलित हो गया है।”

2024 के लोकसभा चुनावों में दलित वोट शेयर में आई गिरावट की भरपाई के लिए बीजेपी संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर जालंधर से वाराणसी तक ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकाल रही है। इसके अलावा आगरा में बुद्ध वंदना कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौ लाख सरकारी नौकरियों और कानून-व्यवस्था पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को आगे रख रहे हैं। वहीं, सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर सपा के ‘पीडीए’ पर हमलावर हैं, जबकि RLD प्रमुख जयंत चौधरी पश्चिमी यूपी में जाट, गुर्जर, दलित और मुस्लिम (JGDM) के नए सामाजिक समीकरण पर काम कर रहे हैं।

दरअसल राष्ट्रीय लोकदल 2027 से पहले नई सोशल इंजीनियरिंग पर काम कर रहा है। जयंत चौधरी की पार्टी अब केवल जाट राजनीति तक सीमित न रहकर JGDM यानी जाट, गुर्जर, दलित और मुस्लिम का नया समीकरण साधने में जुटी है। इसके लिए पश्चिमी यूपी के गांव-गांव में 10-10 सदस्यों की विशेष टीमें बनाई जा रही हैं।

इस चुनाव में मायावती के भतीजे आकाश आनंद पूरे आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे हैं। दशकों तक दलित राजनीति की धुरी रही बीएसपी अपने कोर जाटव वोट बैंक को एकजुट रखने और युवा मतदाताओं को वापस जोड़ने में जुटी है।

आकाश आनंद ने अखिलेश यादव को ‘कंफ्यूज नेता’ और सपा को बीजेपी की ‘बी टीम’ करार देते हुए सीधा हमला बोला है। मायावती की पार्टी 22 नवंबर को आगरा के एतमादपुर में विशाल रैली कर अपनी जमीनी ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी में है।

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद (आजाद समाज पार्टी) और असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का गठन किया है।

ओवैसी ने स्पष्ट घोषणा की है कि चुनाव जीतने पर चंद्रशेखर आजाद इस गठबंधन के मुख्यमंत्री होंगे। यह मोर्चा महंगाई, बेरोजगारी, बुलडोजर कार्रवाई और दलित-अल्पसंख्यक अधिकारों के मुद्दे पर मुस्लिम-दलित एकता को साध रहा है।

उत्तर प्रदेश में कुल 21.1% दलित आबादी है, जिसका उप-जातीय विभाजन चुनावी नतीजों को सीधे प्रभावित करता है।

CSDS के मुताबिक, पिछले एक दशक में जाटव और गैर-जाटव मतदाताओं की पसंद में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है।

जाटव वोट बैंक में बिखराव: 2014 के चुनाव में बीएसपी को 68% और बीजेपी को 18% जाटव वोट मिले थे। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में बीएसपी का हिस्सा गिरकर 44% रह गया, जबकि इंडिया गठबंधन को 25% और बीजेपी को 24% जाटव वोट हासिल हुए।

गैर-जाटव मतदाताओं का यू-टर्न: 2014 (45%) और 2019 (48%) के चुनावों में मजबूती से बीजेपी के साथ खड़ा रहने वाला गैर-जाटव मतदाता 2024 में बड़े पैमाने पर छिटक गया। 2024 में 56% गैर-जाटव वोट इंडिया गठबंधन की ओर शिफ्ट हो गए, जबकि बीजेपी को 29% और बीएसपी को 15% वोटों से संतोष करना पड़ा।

2027 के विधानसभा चुनाव की तस्वीर काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगी कि क्या सपा-कांग्रेस गठबंधन 2024 के अपने दलित वोट शेयर को बरकरार रख पाता है, या फिर बीजेपी अपनी ‘समरसता’ नीति से गैर-जाटव वोटों को वापस लाने में सफल होती है। दूसरी ओर, अगर बीएसपी और चंद्रशेखर-ओवैसी का मोर्चा दलित-मुस्लिम वोटों में सेंध लगाते हैं, तो राज्य का सियासी मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय हो सकता है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.