November 17, 2026

उत्तर प्रदेश चुनाव: सीट बंटवारे पर आज बैठक, कांग्रेस ने चली चाल तो सपा दिखा सकती है रिपोर्ट कार्ड

उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए मोहरे सजाने की तैयारी तेज हो गई है। सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक के बाद संकेत है कि कांग्रेस इस बार समाजवादी पार्टी से ठीक ठाक हिस्सेदारी की मांग करेगी।

राजनीतिक गलियारों में यह उत्सुकता इसलिए भी उफान मार रही है, क्योंकि पिछले कुछ समय से राहुल गांधी ने खुद को राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी राजनीति के एजेंडे का झंडाबरदार साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

इसी आधार पर कांग्रेस के बढ़े-चढ़े मनोबल का अंदाजा लगा सकते हैं कि अखिलेश यादव ने कांग्रेस द्वारा 181 सीटें मांगे जाने का दावा किया है। इधर, सपा के साथ मंगलवार को होने जा रही बैठक से पहले अपनी तैयारी बैठक में कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश के नेताओं से कह दिया है कि सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू करें, लेकिन ध्यान रखें कि गठबंधन में सम्मानजनक भागीदारी होनी चाहिए।

किंतु, जिस तरह से सपा अध्यक्ष बार-बार दोहरा रहे हैं कि सीटों की संख्या मुद्दा नहीं, जीत प्राथमिकता है तो माना जा रहा है कि कांग्रेस अधिक मुट्टी भींचेगी तो सपा 2017 और 2022 विधानसभा चुनाव का रिपोर्ट कार्ड भी समझौते की मेज पर पटक सकती है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर यूपी चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को बैठक हुई। इसमें खरगे सहित लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और नेता विधान मंडल दल वीरेंद्र चौधरी के साथ संगठन की तैयारी का फीडबैक लिया।

सूत्रों के अनुसार, सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर भी इन नेताओं के बीच विस्तार से चर्चा हुई, क्योंकि राहुल विदेश जा रहे हैं। मंगलवार को सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर नई दिल्ली में ही बैठक होनी है। अखिलेश यादव भी पहुंच रहे हैं। हालांकि, स्वयं अखिलेश बैठक में शामिल होंगे या पार्टी की ओर अन्य प्रमुख नेताओं को भेजेंगे, यह स्पष्ट नहीं है।

बताया गया है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने सपा के साथ बेहतर रिश्तों को बनाए रखते हुए सम्मानजनक सीट बंटवारे की बातचीत शुरू करने का जिम्मा प्रदेश के नेताओं को सौंपा है। जोर इस पर भी दिया है कि इसका ध्यान अवश्य रखा जाए कि कांग्रेस का दावा उन्हीं सीटों पर हो, जहां जीत की मजबूत संभावनाएं हों।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने बताया कि संगठन की तैयारियों के संबंध में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ बैठक हुई थी। सीट बंटवारे को लेकर हाईकमान ने इतना ही कहा है कि सपा के साथ बातचीत शुरू करें। इसी संबंध में सपा के साथ बैठक होनी है। सपा की ओर से बैठक में कौन होगा, इसे लेकर भी उन्होंने अनभिज्ञता जताई।

वैसे तो अभी बातचीत प्रारंभिक दौर की होगी, लेकिन माना जा रहा है कि कांग्रेस यदि 181 सीटों के दावे से बातचीत शुरू भी करती है तो भी समझौता सौ सीटों या उससे कम पर ही होगा, क्योंकि सपा की ओर से कई नेता 60-65 सीटें दिए जाने की बात कह चुके हैं। इसके पीछे वह कांग्रेस के पुराने चुनावी प्रदर्शन को ही आधार बनाते हैं।

हालांकि, जिस तरह से राहुल और अखिलेश के बीच मधुर राजनीतिक संबंध है, उससे यह तय है कि गठबंधन में कोई बाधा नहीं है। वैसे भी विपक्ष स्वयं मान रहा है कि भाजपा को अकेले रोकना फिलहाल किसी के लिए आसान नहीं है।

सपा सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस को हिस्सेदारी से पहले अपनी क्षमता का ठीक का परीक्षण कर लेना चाहिए। 2017 विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने यह चुनाव सपा के साथ मिलकर लड़ा।

गठबंधन में कांग्रेस 114 सीटों पर लड़ी, जिसमें 105 पर उसके, जबकि नौ सीटों पर कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर सपा के उम्मीदवार थे। तब कांग्रेस के 29 यानी 25.4 प्रतिशत प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई और जीते मात्र सात, जबकि पार्टी का वोट प्रतिशत 6.25 प्रतिशत रहा।

2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले मैदान में थी। वह 399 सीटों पर लड़ी और मात्र दो सीटें जीत सकी। 387 यानी लगभग 97 प्रतिशत प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई थी। वोट प्रतिशत मात्र 2.33 प्रतिशत रहा था। संभव है कि सपा की ओर से इसकी याद दिला ही दी जाए।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.