November 17, 2026

योगी का आगरा दौरा कैंसिल, अचानक दिल्ली जा रहे, अमित शाह से होगी मुलाकात

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिनों से मथुरा में आयोजित भाजपा के चिंतन शिविर में हैं। आज मथुरा से उन्हें आगरा जाना था लेकिन अचानक दौरा कैंसिल हो गया है। अब मुख्यमंत्री मथुरा से सीधे दिल्ली जाएंगे। वहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी बैठक होगी। कहा जा रहा है कि दो दिनों तक हुई बैठक की रिपोर्ट सीएम योगी दिल्ली लेकर जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए अमित शाह को यहां की स्थिति से अवगत कराएंगे।

पहले से निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मथुरा में चिंतन बैठक के समापन के बाद सीएम योगी को दोपहर बाद आगरा जाना था। वहां उन्हें पार्टी के दिवंगत विधायक के निधन पर परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करनी थी। दिल्ली से आए बुलावे और बदली हुई राजनीतिक व्यस्तताओं के चलते उनका आगरा दौरा स्थगित कर दिया गया है।

सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली दौरे को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मथुरा में पिछले दो दिनों से चल रही भाजपा की इस हाई-लेवल चिंतन बैठक में आज नितिन नवीन भी शामिल हो रहे हैं। बैठक खत्म होते ही सीएम योगी इस पूरे मंथन का ‘रिपोर्ट कार्ड’ लेकर दिल्ली जाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री मथुरा में हुए दो दिवसीय चिंतन शिविर के प्रमुख बिंदुओं, संगठन की जमीनी फीडबैक और आगामी रणनीतियों को लेकर ब्रीफिंग करेंगे। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर मथुरा की इस बैठक और उसके तुरंत बाद दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली इस मुलाकात के कई अहम राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

इससे पहले मथुरा के गोग्राम परखम में आयोजित भाजपा की बैठक का नाम भी रातों रात अचानक बदल दिया गया। विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित इस बैठक को पहले चिंतन शिविर नाम दिया गया था। सोमवार को बैठक शुरू हुई तो नाम योजना बैठक कर दिया गया।

मथुरा की बैठक की शुरुआत सोमवार दोपहर वंदे मातरम् के साथ हुई। बैठक शुरू होने से पहले उन नेताओं और सांसद, विधायक के साथ मंत्रियों को भी बैठक स्थल से बाहर कर दिया गया जिनका नाम सूची में नहीं था। दोपहर करीब 2:45 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोग्राम परखम के अशोक सिंघल सभागार पहुंचे। सभागार में ऐसे भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे, जिन्हें बैठक में हिस्सा नहीं लेना था। यहां स्वागत की परंपरा निभाई गई। स्वागत की औपचारिकता पूरी होने के बाद बैठक विधिवत शुरू होने से ठीक पहले उन सभी भाजपा नेताओं को बाहर कर दिया गया, जिनके नाम बैठक में शामिल होने वाले लोगों की सूची में नहीं थे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.