November 19, 2026

19 नवंबर को जिंदगी से डिलीट करना चाहते हैं क्रिकेट फैंस, क्योंकि हर भारतीय का कलेजा हो गया था छलनी

जिस जगह पर 19 नवंबर का जिक्र भी उठता है, तो वहां से क्रिकेट फैंस कट लेते हैं। उन्हें इस 19 नवंबर की तारीख से ऐसी नफरत हो गई है, जिस पर उनका बस चले तो इस डेट को हमेशा-हमेशा के लिए कैलेंडर और जिंदगी से डिलीट कर दें। क्रिकेट फैंस एक बार को ब्रेकअप का दर्द सह लेंगे, हर गम को मिटा देंगे, लेकिन 19 नवंबर को नहीं भूल पाएंगे। आप सोच रहे होंगे कि आखिर इस डेट में ऐसा क्या है, जिससे फैंस इतने चिढ़ जाते हैं?

दरअसल, बात 19 नवंबर 2023 की है, जब इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल खेला गया था। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब एक लाख दर्शक खिताबी मैच को देखने के लिए पहुंचे थे। भारत ने लगातार 9 लीग मैच और फिर तूफानी अंदाज में सेमीफाइनल जीतने के बाद फाइनल में एंट्री की थी। भारतीय टीम सबसे अच्छी क्रिकेट पिछले कई दशकों की खेलती हुई आ रही थी। ऐसे में पक्का लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया की टीम जो पहले ही 5 ट्रॉफी जीत चुकी थी, उसकी इस बार दाल गलने वाली नहीं है।

हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पैट कमिंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी। शुरुआत खराब रही, क्योंकि 30 रन पर पहला विकेट गिर गया था। हालांकि, 10वें ओवर तक भारत 70 के पार पहुंच गया था। इसके बाद रोहित शर्मा 31 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हो गए। अगले ओवर में श्रेयस अय्यर भी आउट हो गए, जो कि सबसे बड़ा खतरा ऑस्ट्रेलिया के लिए माने जा रहे थे।

विराट कोहली और केएल राहुल अब क्रीज पर थे। दोनों धीमे-धीमे आगे बढ़े और एक साझेदारी निभाई। इस बीच विराट ने अपना अर्धशतक पूरा किया। मगर 54 रनों के निजी स्कोर पर वे आउट हो गए। दूसरे छोर पर खड़े केएल राहुल ने 107 गेंदों में 66 रन ही बनाए। इनके अलावा कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाया। 50 ओवर में टीम जैसे-तैसे 240 तक पहुंची। ऑस्ट्रेलिया के लिए 3 विकेट मिचेल स्टार्क ने निकाले, जबकि 2-2 विकेट जोश हेजलवुड और पैट कमिंस को मिले।

वहीं, जब ऑस्ट्रेलिया की टीम 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो 16 रनों पर पहला विकेट गंवाया। 47 रनों पर 3 विकेट उन्होंने खो दिए। पूरे स्टेडियम में खुशी की लहर थी, क्योंकि ऐसा लग रहा था कि यहां से भारत इस मैच को जीत सकता है, लेकिन…लेकिन…लेकिन…अभी तो असली तूफान आने वाला था। ट्रैविस हेड एक छोर पर थे और उन्होंने ऐसी कुटाई भारतीय गेंदबाजों कर दी कि स्टेडियम आधी पारी के बाद ही खाली होने लगा था। ट्रैविस हेड ने अकेले 137 रन बनाए, जबकि 110 गेंदों में मार्नस लाबुशेन ने 58 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया ने 43वें ओवर में मैच 6 विकेट शेष रहते खत्म कर दिया और छठी ट्रॉफी जीत ली।

वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल के बाद के विजुअल और कमेंट्री आज भी जब क्रिकेट फैंस की फीड में आ जाती तो उनका दिल टूट जाता है। ऐसा लगता है, जैसे किसी ने कलेजा निकाल लिया हो। जतिन सप्रू कमेंट्री करते हुए रोहित शर्मा के लिए कहते हैं…वो बल्लेबाज, वो कप्तान…जिसने इस पूरी प्रतियोगिता में हर एक भावना को छुपा कर रखा था। आज ये पल, ये स्वीकारना आसान नहीं है। इन आसुंओ को रोकना आसान नहीं है…

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.