‘कॉरपोरेट टैक्स 30% से घटाकर 22% किया, क्या आपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई’, प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत से पूछा
पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार राजधानी नई दिल्ली में फिक्की के एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में आज विकास की रफ्तार सबसे तेज हैं। उन्होंने कहा कि भारत में गरीबी से लोगों को बाहर निकालने की गति भी अभूतपूर्व है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था हैं और वैश्विक संस्थानों का अनुमान है कि देश की वृद्धि दर करीब सात प्रतिशत रहेगी। इस दौरान उन्होंने उद्योग जगत से सवाल किया उनकी सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स 30% से घटाकर 22% किया लेकिन क्या उन्होंने उन्होंने कर्मचारियों की संख्या और वेतन बढ़ाया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने का आग्रह किया। पीएम ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए समय-समय पर आत्ममंथन करना जरूरी है। यह व्यक्तियों, उद्योग जगत और देश, सभी पर लागू होता है। उन्होंने इस दौरान यह भी कहा कि बिना किसी झिझक के लिखकर बताएं कि और कौन से सुधार जरूरी है।
कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने पिछले 12-13 वर्षों में अपनी सरकार की उपलब्धियों पर बात की। विश्व बैंक की नवीनतम रिपोर्ट का हवाला देते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोगों ने गरीबी से छुटकारा पा लिया है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कोई देश तब तरक्की करता है जब वह अपने किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योगों, धन सृजन करने वालों और करदाताओं का सम्मान करता है।
पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों के साथ उद्योग जगत का अनुभव इतना कड़वा रहा है कि उन्हें इसके नतीजे भुगतने पड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, “यह पुरानी सरकार नहीं है। यह दोस्तों की सरकार है। इसे दोस्ती निभाना आता है और आप मेरे सच्चे दोस्त हैं। इसलिए बिना किसी झिझक या संकोच के, बेझिझक मुझे लिखकर बताएं कि अभी और क्या सुधार करने की जरूरत है।”बीते कुछ महीनों में देश में महंगाई बढ़ी है और इसके आर्थिक और राजनीतिक परिणाम भी हो सकते हैं। 2026 खत्म होने में करीब 45 दिन बाकी है और 2027 में देश के 7 राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं।
