November 26, 2026

जाति जनगणना, 40 हजार पेंशन और फ्री लैपटॉप, कैसा होगा सपा का घोषणापत्र; ऐलान आज

समाजवादी पार्टी आज यानी 26 नवंबर को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले चुनावों से पहले यह सपा का पहला घोषणापत्र होगा। बता दें कि एक तरफ जहां कांग्रेस के साथ सीटों की खींचतान जारी है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी यह संकेत दे रही है कि वह चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। पार्टी ने इस सप्ताह उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी की है। अब निगाहें घोषणापत्र पर टिकी हैं। चर्चा है कि इस घोषणापत्र में पार्टी सभी वर्गों को साधने की कोशिश करेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक सपा महिलाओं के लिए 40 हजार की पेंशन, छात्रों के लिए फ्री मेट्रो राइड और जाति जनगणना जैसी घोषणाएं कर सकती है।

इससे पहले पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीते 19 अक्टूबर को ही ऐलान किया था कि वो संविधान दिवस के मौके पर अपना घोषणापत्र रिलीज करेंगे। उन्होंने इसे ‘सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है। इसका नाम ‘जन-मन का घोषणापत्र’ भी कहा जा रहा है। ऐलान गुरुवार शाम 4 बजे हो सकता है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की भी उम्मीद है।

रिपोर्ट के मुताबिक समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन और स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये की मदद देने का वादा किया जा सकता है। वहीं युवा मतदाताओं को लुभाने के लिए छात्रों को मुफ्त मेट्रो यात्रा और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए कड़े कानून का प्रस्ताव भी हो सकता है। आम लोगों की बात करें तो सपा 300 यूनिट मुफ्त घरेलू बिजली और गरीबों को 2 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज देने का वादा भी कर सकती है। ‘यश भारती सम्मान’ को फिर से शुरू करने और इसके तहत हर महीने 1 लाख रुपये मानदेय देने की घोषणा भी संभव है।

सपा के एक अन्य सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घोषणापत्र में पार्टी के सरकार बनाने के तीन महीने के भीतर पूरे राज्य में जाति-आधारित जनगणना कराने का भी वादा हो सकता है। अन्य प्रस्तावों में 2005 के बाद सेवा में आए सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करना और मुफ्त लैपटॉप वितरण योजना को फिर से शुरू करना भी शामिल है।

समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में युवाओं, शिक्षा, सामाजिक न्याय, कृषि और उद्योग पर भी ध्यान देगी। महिलाओं और लड़कियों पर केंद्रित एक अलग दस्तावेज रिलीज किया जाएगा। पार्टी सूत्रों ने बताया है कि पहले घोषणापत्र में युवाओं और शिक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी, उसके बाद सामाजिक न्याय और दलित मुद्दे, कानून-व्यवस्था, कृषि, किसान, और उद्योग और एमएसएमई क्षेत्र को रखा जाएगा। अखिलेश यादव ने भी 21 नवंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि समाजवादी पार्टी घोषणापत्र-1, घोषणापत्र-2 और जिला स्तर पर एक अलग घोषणापत्र लेकर आएगी।”

घोषणापत्र में रोजगार और आर्थिक एजेंडे के साथ किसानों से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल होने की उम्मीद है। इसमें कृषि ऋण की माफी, खेती की सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और नहर का पानी, फसल बीमा, एक सुनिश्चित न्यूनतम समर्थन मूल्य और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान शामिल हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.