November 26, 2026

आउटसोर्स कर्मचारियों को कम से कम 20 हजार वेतन, योगी के ऐलान के बाद नगर निगम भी एक्टिव

उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा को अमलीजामा पहनाने की दिशा में नगर निगम भी एक्टिव हो गए हैं। आगरा नगर निगम कार्यकारिणी की बजट बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों को कम से कम 20 हजार रुपये मासिक वेतन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब सदन से अनुमोदन मिलने के बाद इस व्यवस्था को लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।

इस फैसले से नगर निगम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के पुनरीक्षित बजट को भी पारित कर दिया गया। बजट में मूल आय और व्यय के अनुमानों में बढ़ोतरी की गई है। नगर निगम के मूल आय अनुमान 119216.70 लाख रुपये को बढ़ाकर 136632 लाख रुपये कर दिया गया है।

इस तरह आय के अनुमान में करीब 174 करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। वहीं, मूल व्यय अनुमान 142967.25 लाख रुपये से बढ़ाकर 159085.25 लाख रुपये कर दिया गया है। व्यय के अनुमान में करीब 160 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। बैठक में विभिन्न विभागों के बजट और आवश्यक खर्चों की भी समीक्षा की गई।

ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह में चल रही भट्ठियों के रखरखाव और मेंटेनेंस के लिए निर्धारित 25 लाख रुपये की धनराशि को बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दिया गया। वर्तमान में इसे क्षेत्र बजाजा कमेटी संचालित कर रही है। वहीं, जलकल विभाग की आय के मूल अनुमान 15815.60 लाख रुपये में कोई बदलाव नहीं किया गया। विभाग के व्यय अनुमान को 14317.05 लाख रुपये पुनरीक्षित किया गया।

यूपी के आउटसोर्स कर्मचारियों को दिवाली पर योगी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया था। राज्य के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय तय कर दिया था। श्रेणी एक के कर्मचारियों को छोड़कर बाकी के पारिश्रमिक में डेढ़ गुना तक बढ़ोतरी की थी। श्रेणी एक के कर्मचारियों की ईपीएफ कटौती का फैसला विभाग लेंगे। सभी श्रेणियों में 18 प्रतिशत जीएसटी का भार सरकार उठाएगी। श्रेणीवार तय दरों में श्रेणी एक के कर्मचारी को 39000 से कम मानदेय नहीं मिलेगा। आदेश 2 सितंबर 2026 से प्रभावी होंगे और अक्टूबर में सितंबर का एरियर भी मिलेगा। योगी सरकार के फैसले से 2.72 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अगर पहले से किसी कर्मचारी को न्यूनतम वेतन से ज्यादा मिल रहा है तो उसका मानदेय कम नहीं किया जाएगा। श्रेणी एक के कर्मचारियों की ईपीएफ कटौती का फैसला विभाग लेंगे। सभी श्रेणियों में 18 प्रतिशत जीएसटी का भार सरकार उठाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.