September 19, 2026

सावधान! समंदर से आ रहा नया बवंडर; इन राज्यों में मचाएगा बवाल, गुजरात से अरुणाचल तक बारिश और आंधी-तूफान

भले ही देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई का वक्त आ गया हो और इसके 19 सितंबर से राजस्थान से लौटने की तारीख भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तय कर दी हो लेकिन इसके बीच, एक नया मौसमी सिस्टम देश के पूर्वी, पश्चिमी और मध्य हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू करने की तैयारी में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में कई मौसमी सिस्टम की वजह से देशभर के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण 18 सितंबर की शाम तक उत्तर अंडमान सागर पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम उत्तर अंडमान सागर में कम दवाब का क्षेत्र बनने का अनुमान है। इसके बाद यह प्रणाली अगले तीन-चार दिन में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र तट की ओर जा सकता है।

IMD ने कहा है कि इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से 22 से 24 सितंबर के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में नमी की मात्रा बढ़ने और बारिश गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 18 सितंबर को प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 19 सितंबर से बारिश का क्षेत्र और तीव्रता बढ़ने के आसार हैं।

IMD ने कहा है कि थाईलैंड के ऊपर बने सिस्टम के अलावा निचले क्षोभ मंडलीय स्तर पर उत्तरी गुजरात और उसके आस-पास के इलाकों में भी एक साइक्लोनिक सुर्कुलेशन बना हुआ है। इसकी वजह से 18 सितंबर और 23-24 सितंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान- मुजफ्फराबाद में और 18 से 24 सितंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर जोरदार बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आंधी-तूफान आने का भी अनुमान जताया गया है। IMD ने कहा है कि 18 से 19 सितंबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी यूपी और 19 से 22 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर बारिश होने और आंधी-तूफान चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा है कि 18 से 24 सितंबर के दौरान बिहार में कहीं-कहीं या कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालंकि, 18 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। विभाग ने कहा है कि बीते 24 घंटों के दौरान किशनगंज के पोथिया में 13 सेमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। पड़ोसी राज्य झारखंड में भी 18 से 23 सितंबर के दौरान अधिकांश दिनों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। इसके बाद 24 सितंबर को राज्य के बड़े हिस्से में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा ओडिशा में 18 सितंबर और 23 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल में भी 20 सितंबर और 23 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 18 और 19 सितंबर 2026 के दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD के अनुसार, 18 सितंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने के बाद दोपहर से शाम के बीच आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं और कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जिस दौरान अधिकतम तापमान 33°C से 35°C के बीच रहेगा। इसके बाद 19 और 20 सितंबर को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 21 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ हो जाएगा; इन दिनों अधिकतम तापमान 34°C से 36°C तथा न्यूनतम तापमान 22°C से 24°C के आसपास रहने का अनुमान है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.